खबर लहरिया Blog सपा नेता और उनके बेटे के डबल मर्डर से थर्राया संभल जिला

सपा नेता और उनके बेटे के डबल मर्डर से थर्राया संभल जिला

सपा नेता और उनके बेटे के डबल मर्डर से थर्राया संभल जिला :उत्तर-प्रदेश के संभल जिले में 19 मई को समाजवादी पार्टी के नेता और उसके बेटे की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। संभल के बहजोई थाना इलाके में हुए इस डबल मर्डर से हड़कंप मच गया। ऐसा बताया जा रहा है कि ये हत्या 19 मई को गांव में बन रही एक सड़क को लेकर हुये विवाद पर की गई है. हत्या की इस वारदात का लाइव वीडियो भी कैमरे में कैद हुआ है। आरोपी हमला करने के बाद फरार हो गये हैं।
मामला संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र का है। यहां के गांव समसोई में सड़क को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सपा नेता की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। गांव में एक सड़क बनाने का काम चल रहा है, जिसका कुछ लोग विरोध कर रहे थे। यही विवाद इतना बढ़ गया कि बंदूकें निकल आईं। इस दौरान मौके पर मौजूद सपा नेता 50 वर्षीय छोटे लाल दिवाकर और उनके 28 वर्षीय बेटे सुनील कुमार को गोली मार दी गई। ये भी बताया जा रहा की वर्ष 2017 में चंदौसी विधानसभा से सपा ने इन्हें अपना प्रत्याशी बनाया था लेकिन कांग्रेस से गठबंधन के चलते बाद में यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई थी और फिर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी यहां से उतारा था।


आरोपी जब फायरिंग कर रहे थे तो उस वक्त वहां काफी लोग मौजूद थे. लोगों ने इस घटना का वीडियो मोबाइल में शूट कर लिया। इस वीडियो में आरोपी गोली मारते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन हत्या के मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
समाचार पत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार सपा नेता छोटे लाल विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी रहे हैं। पत्नी फिलहाल ग्राम प्रधान हैं। इस घटना के बाद इलाके की राजनीति गरमा गई है। मौके पर जिले के आला अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सपा नेता के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना दी गयी पर देर से मौके पर पहुंची। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल देखते हुये पीएसी तैनात कर दी गई है।
सीओ अशोक कुमार ने बताया कि 2 लोगों की हत्या हुई है। हत्या करने वाले गांव के ही हैं। पहले से ही रंजिश चली आ रही थी आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस गांव में 1973 में एक ही दिन में ग्यारह लोगों की हत्या हो गई थी। अब तक लगभग बीस लोगों की हत्या हो चुकी है।