खबर लहरिया Blog राजू श्रीवास्तव “The King of Comedy” का 58 वर्ष की आयु में हुआ निधन, जानें उनके जीवन के बारे में

राजू श्रीवास्तव “The King of Comedy” का 58 वर्ष की आयु में हुआ निधन, जानें उनके जीवन के बारे में

राजू श्रीवास्तव साल 2005 में आये स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘The Great Indian Laughter Challenge’ के पहले सीज़न से अपने कॉमेडियन होने के सफर की शुरुआत की थी। इसी शो के बाद से लोग उन्हें जानने लगे।

                                                                                                                                   फोटो साभार – जागरण जोश

मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का आज दिल्ली के AIIMS अस्पताल में 58 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सबको हंसाने वाला यह कॉमेडियन आज सबकी आँखों में आंसू दे गया। राजू श्रीवास्तव के परिवार द्वारा उनके निधन की पुष्टि की गयी है।

बता दें, 10 अगस्त को जिम करते समय उन्हें अचानक से हार्ट अटैक आया जिसके बाद वह बेहोश हो गए और उन्हें AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया। लगभग 42 दिनों तक उनका इलाज चलता रहा।

उन्हें तुरंत ही आईसीयू में शिफ्ट कर लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था। एक महीने तक उन्हें होश नहीं आया। डॉक्टरों के कई प्रयास के बावजूद भी उनका स्वास्थ्य बिगड़ता रहा। इंडिया टीवी की रिपोर्ट में बताया बया कि डॉक्टरों के अनुसार, दिल का दौरा पड़ने के बाद उनके मस्तिष्क को भी हानि हुई थी।

उनेक परिवार में उनकी पत्नी शिखा और दो बच्चे अंतरा और आयुष्मान हैं।

 

राजू श्रीवास्तव के कॉमेडियन होने का सफ़र

                                                                                                   फोटो साभार – सोशल मीडिया

राजू श्रीवास्तव का असली नाम सत्या प्रकाश श्रीवास्तव है। राजू श्रीवास्तव, यह नाम उन्होंने अपने स्टेज नाम के रूप में अपनाया था। 25 दिसंबर 1963 को उनका जन्म हुआ था। उनके कुछ पॉपुलर एक्ट्स की वजह से उन्हें अकसर गजोधर के रूप में पुकारा जाता था। मध्यमवर्गीय परिवार में जन्में राजू शुरू से ही कॉमेडियन बनना चाहते थे।

                                                                                                             फोटो साभार – सोशल मीडिया

साल 2005 में आये स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘The Great Indian Laughter Challenge’ के पहले सीज़न से उन्होंने अपने कॉमेडियन होने के सफर की शुरुआत की। इसी शो के बाद से लोग उन्हें जानने लगे। इस शो में वह दूसरे रनर-अप के रूप में सामने आये।

इसके बाद उन्होंने द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज – चैंपियंस में भाग लिया और “The King of Comedy” / “द किंग ऑफ कॉमेडी” का खिताब जीता।

राजू श्रीवास्तव ने फिल्मों में भी किया है काम

                                                            फोटो साभार – सोशल मीडिया

राजू श्रीवास्तव ने भारत और विदेश दोनों जगह अपना नाम कमाया है। उन्होंने कुछ बॉलीवुड फिल्में भी की है जिसमें राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म ‘मैंने प्यार किया’, अन्य लोकप्रिय फिल्म जैसे ‘बाज़ीगर’, ‘बॉम्बे टू गोवा’ आदि फिल्मों में छोटी-छोटी भूमिकाएं निभाई हैं। वह फिल्म ‘आमदनी अट्ठनी खर्चा रुपैया’ फिल्म का भी हिस्सा थे।

रिअलिटी शो का हिस्सा रहें हैं राजू श्रीवास्तव

                                       बिग बॉस सीज़न 3 में राजू श्रीवास्तव (फोटो साभार – सोशल मीडिया)

राजू श्रीवास्तव ने मशहूर रिअलिटी शो बिग बॉस सीज़न 3 और कलर्स टीवी के शो नच बलिये सीज़न 6 में भी हिस्सा लिया था जिसके बाद उनके चाहने वालों की संख्या काफ़ी बढ़ गयी थी। इसके आलावा वह कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में भी दिखाई दिए थे।

कॉमेडी के ज़रिये राजू श्रीवास्तव ने जो कॉमेडी के बादशाह होने का खिताब कमाया है, वह हमेशा रहने वाला है। उन्होंने जिन लोगों को हंसाया है, वह हमेशा उनके दिलों और उनके हर चाहने वालों के दिल में जीवित रहेंगे।

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our   premium product KL Hatke