खबर लहरिया ताजा खबरें मध्यप्रदेश में सियासी उठापटक: कांग्रेस का आरोप- भाजपा ने बंधक बनाए विधायक

मध्यप्रदेश में सियासी उठापटक: कांग्रेस का आरोप- भाजपा ने बंधक बनाए विधायक

गुरुग्राम

मध्यप्रदेश में जारी सियासी घमासान के दौरान कमलनाथ सरकार पर संकट के बादल स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने उनके और बसपा के विधायकों को बंधक बनाया हुआ है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। यह कांग्रेस का अंतर्कलह है इसका जवाब कमलनाथ, सिंधिया और दिग्विजय को देना चाहिए।

इस पूरे घटनाक्रम पर ध्यान दिया जाय तो सबसे ज्यादा सक्रिय दिग्विजय सिंह ही हैं। उन्होंने ही मंगलवार सुबह सबसे पहले ट्वीट कर इस घटना की जानकारी सामने दी थी। इसके बाद वे देर रात सक्रिय रहे और कमलनाथ सरकार के लिए संकटमोचक बनकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। दिग्विजय ने ही आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने के लिए 25 से 35 करोड़ रुपए तक का ऑफर दे रही है।

निर्दलीय विधायक का बयान 

इन सबके बीच मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार में शामिल एक निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल ने कहा कि जब तक कमलनाथ की सरकार है, तब तक मैं उनके साथ हूं। आगे उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर सरकार गिर जाती है तो मेरे विकल्प खुले रहेंगे। मैं अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के हित को ध्यान में रखते हुए फैसला लूंगा।

इसके अलावा मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने के लिए बीजेपी के कुछ नेता आठ विधायकों को जबरन हरियाणा के एक होटल में ले गए हैं। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह और रामपाल सिंह सहित अन्य बीजेपी नेता साजिश के तहत आठ विधायकों को हरियाणा के एक होटल में जबरन ले गए। विधायकों ने हमें बताया कि भाजपा नेताओं द्वारा उन्हें जबरन वहां ले जाया गया।’

क्या है विधानसभा का समीकरण

मध्य प्रदेश विधानसभा की स्थिति पर गौर करें तो कुल 230 विधायकों की विधानसभा में से इस वक्त 228 विधायक हैं। दो सीट विधायकों की मौत के चलते खाली हैं। कांग्रेस के इस वक्त 114 विधायक हैं। बीजेपी के 107, दो विधायक बीएसपी के हैं, समाजवादी पार्टी का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। फिलहाल जादुई आंकड़ा 115 का है, जबकि कांग्रेस को 121 विधायकों का समर्थन हासिल है। फिलहाल कमलनाथ सरकार सुरक्षित है। गुरुग्राम आधी रात को कांग्रेस ने अपनी सक्रियता से तमाम विधायकों को होटल से निकाल कर संकट को टाल दिया है।

-रिज़वाना तबस्सुम