बलूचिस्तान में लंबे समय से अलगाव वाद के लिए आवाजें उठती रही हैं। बलूचिस्तान की आज़ादी के लिए कई संगठन हैं जिसमें लश्कर-ए- बलूचिस्तान, बलोच लिबरेशन फ्रंट (BLF), बलोच राज़ी अजोइ संगार (BRAS) और बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) शामिल है।
लेखन – सुचित्रा
पाकिस्तानी के बलूचिस्तान इलाके में कल मंगलवार 11 मार्च 2025 को जाफर एक्सप्रेस का अपहरण कर लिया गया। इस ट्रेन में करीब 500 यात्रियों को बंधक बनाया गया। सुरक्षा बलों ने अब तक 27 विद्रोहियों को मार गिराया है और 155 बंधक यात्रियों को बचाया है। इसकी जानकारी रेडियो पाकिस्तान ने दी। रॉयटर्स न्यूज़ एंजेसी की रिपोर्ट के अनुसार, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने धमकी भी दी अगर पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह का हस्तक्षेप किया जाता है तो वह सभी बंधकों को मार देगी। फिलहाल इस मामले पर पाकिस्तान सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यह घटना तब हुई जब ट्रेन बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी। इसी बीच जब ट्रेन गुडलार और पीरू कोनेरी के बीच से होकर गुजरी तभी रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया गया और ट्रेन पर गोलीबारी की। इसके साथ ही यात्रियों को बंधक बना लिया गया।
हमले में तीन लोगों की मौत
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में ट्रेन चालक, एक पुलिस अधिकारी और एक सैनिक की मौत हो गई। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रात भर बचाव अभियान जारी रखा।
जाफर एक्सप्रेस ट्रेन का हाईजैक क्यों हुआ?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) जो खुद को पाकिस्तान से अलग मानती है और आजादी की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उनकी मांगें है कि बलूच राजनीतिक कैदियों, कार्यकर्ताओं को 48 घंटों के भीतर रिहा किया जाये तभी वे बंधक बनाए गए यात्रियों को रिहा करेंगे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे बंधकों को मारना शुरू कर देंगे।
बलूचिस्तान में लंबे समय से अलगाव वाद के लिए आवाजें उठती रही हैं। बलूचिस्तान की आज़ादी के लिए कई संगठन हैं जिसमें लश्कर-ए- बलूचिस्तान, बलोच लिबरेशन फ्रंट (BLF), बलोच राज़ी अजोइ संगार (BRAS) और बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) शामिल है। इसके लिए अलगाववादी समूहों में से एक BLA ने पाकिस्तान से स्वतंत्रता की मांग करते हुए हमले कर रहा है।
‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’