खबर लहरिया Blog Oscars 2023 : भारत की ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ को मिला बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का अवार्ड

Oscars 2023 : भारत की ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ को मिला बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का अवार्ड

‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के अलावा एस.एस राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म आरआरआर के गाने ‘नाटू नाटू’ (Naatu Naatu) ने विश्व स्तर पर बेस्ट ओरिजिनल गाने का ख़िताब भी जीता है।

‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ शार्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म का कवर फोटो जिसमें एक हाथी के बच्चे व एक व्यक्ति के बीच में गहरे संबंध को दिखाया गया है। ( फोटो साभार – सोशल मीडिया)

भारत की शॉर्ट डॉक्युमेंट्री फिल्म ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ (The Elephant Whisperer) ने 95वें एकेडमी अवॉर्ड में बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड जीता है। कार्तिकी गोंजाल्विस द्वारा निर्देशित और गुनीत मोंगा द्वारा निर्मित फिल्म के ऑस्कर जीतने पर फिल्म को कई बधाइयां मिल रही हैं।

शार्ट डॉक्यूमेंट्री में भारत का पहला ऑस्कर

‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के अलावा इस केटेगरी में हाउलोउट (Haulout), द मार्था मिचेल इफ़ेक्ट (The Martha Mitchell Effect), स्ट्रेंजर एट द गेट (Stranger At The Gate) व हाउ डू यु मेजर अ ईयर (How Do You Measure A Year?) शामिल थी। ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’, इस केटेगरी में भारत की पहली फिल्म है जिसने ऑस्कर जीता है।

यह फिल्म इस वर्ग में 1969 में चयनित द हाउस डैट अनांदा बिल्ट (he House That Ananda Built ) व 1979 में चयनित एन एनकाउंटर विद फेसेस (An Encounter With Faces) के बाद तीसरी चयनित फिल्म है।

यह है फिल्म की कहानी

मुदुमलाई नेशनल पार्क (Mudumalai National Park) में स्थापित फिल्म ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ एक स्वदेशी जोड़े बोम्मन व बेल्ली व रघु नाम के एक अनाथ छोटे हाथी की कहानी है। डॉक्यूमेंट्री में न सिर्फ उन दोनों के बीच के संबंध को दिखाया गया बल्कि आस-पास की प्राकृतिक सुंदरता को भी सुंदर तरह से दर्शाया गया है।

बता दें, यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर दिसंबर 2022 में रिलीज़ की गयी थी।

ऑस्कर में चमक उठा भारत

यह साल भारत के लिए रहा है। ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के अलावा एस.एस राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म आरआरआर के गाने ‘नाटू नाटू’ (Naatu Naatu) ने विश्व स्तर पर बेस्ट ओरिजिनल गाने का ख़िताब भी जीता है।

इसके अलावा भारतीय अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने इस साल ऑस्कर प्रस्तुत किया है। वह पर्सिस खंबाटा और प्रियंका चोपड़ा के बाद ऑस्कर में प्रस्तुति देने वाली तीसरी भारतीय स्टार हैं। दीपिका पादुकोण ने लाइव मंच पर ‘नाटू नाटू’ गाने को भी पेश किया।

कार्तिकी गोंजाल्विस के बारे में जानें

‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की डायरेक्टर कार्तिकी गोंजाल्विस एक सोशल डॉक्युमेंट्री फोटोग्राफर और फिल्ममेकर हैं। ये गुनीत की दूसरी फिल्म है, जिसे ऑस्कर अवॉर्ड मिला है। इससे पहले उनकी फिल्म पीरियड एंड ऑफ सेंटेंस को 2019 में बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शार्ट फिल्म की कैटेगरी में ​​​ऑस्कर अवॉर्ड मिला था।

बता दें, यह फिल्म इसलिए खास है क्योंकि ये भारत के इतिहास में ऑस्कर्स जीतने वाली पहली फिल्म बन गई है।

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke