इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र के प्रीति नगर में एक बड़ा हादसा हो गया। 17 मार्च 2026 को प्रीति नगर के एक घर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्ज हो रही थी तभी उसमें अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई।
मौके पर सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एसीपी कुंदन मंडलोई के मुताबिक इस घटना में अब तक मकान मालिक समेत 7 लोगों की शवों को बाहर निकाला जा चुका है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अभी एसडीआरएफ की टीम भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
मरने वालों में मनोज जैन पुंगलिया (60), सिमरन (30), विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि (15) और छोटू सेठिया शामिल हैं। वहीं सौरभ (32), सुनीता (58) और सोमिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बताया जा रहा है कि एक बच्चा अभी भी लापता है जिसकी तलाश जारी है।
आस-पास रहने वाले लोगों के द्वारा यह खबर पता लगी है कि सुबह अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं तो वे तुरंत बाहर निकले। बाहर आकर देखा तो घर में भयानक आग लगी हुई थी। उन्होंने बिना देर किए फायर ब्रिगेड और पुलिस को खबर दी और खुद भी बाल्टियों में पानी भर-भरकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई जिसके बाद पूरी कॉलोनी में गहरा दुख और सन्नाटा पसरा हुआ है।
हादसे की खबर मिलते ही कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन विभाग के तुलसी सिलावट भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। दोनों मंत्रियों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए संवेदना जताई।
इस हादसे से संबंधित नई अपडेट आने पर जानकारी साझा कर दी जाएगी।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
