देश की राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इंडिया टीवी की खबर अनुसार दिल्ली पुलिस द्वारा जारी किए गए ताज़ा आंकड़ों के मताबिक राजधानी में इस साल 2025 के 15 नवंबर महीने तक कुल 21,591 लोग लापता दर्ज किए गए हैं। इस आंकड़े में यह भी बताया गया है कि लापता होने वालों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से कहीं ज़्यादा है।
महिलाओं की संख्या अधिक
दिल्ली पुलिस के अनुसार लापता होने वालों में सबसे ज़्यादा संख्या महिलाओं और लड़कियों की है। पीटीआई के की रिपोर्ट के अनुसार नवंबर के मध्य तक दर्ज हुई कुल गुमशुदगी में से लगभग 60 प्रतिशत मामले महिलाओं और लड़कियों से जुड़े हैं। आंकड़ों के अनुसार 15 अक्टूबर तक 19,682 लोग लापता दर्ज थे लेकिन अगले एक महीने में 1,909 नए मामले जुड़ गए। इस तरह गुमशुदगी के मामलों में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इस एक महीने में मिली नई शिकायतों में 1,155 महिलाएं और 754 पुरुष शामिल थे।
बच्चे भी लापता की लिस्ट में शामिल
पुलिस के आंकड़ों से पता चलता है कि 0 से 8 साल की उम्र वाले बच्चों में भी गुमशुदगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। 15 नवंबर तक कुल 339 बच्चे लापता दर्ज किए गए। इनमें 136 लड़कियां (40 प्रतिशत) और 203 लड़के (60 प्रतिशत) शामिल हैं। इनमें से पुलिस 192 बच्चों को ढूँढ चुकी है जबकि 147 बच्चे अब भी लापता हैं। अगर 15 अक्टूबर के आंकड़ों से तुलना करें तब इस आयु वर्ग में 304 बच्चे लापता थे। एक महीने में 35 नए मामले बढ़े।
इस दौरान लापता लड़कियों की संख्या 124 से बढ़कर 136 हो गई और लड़कों की संख्या 180 से बढ़कर 203 हो गई।
कम ऊम्र के बच्चे भी लापता
आंकड़ों के अनुसार 8 से 12 साल के बच्चों के लापता होने के मामलों में साफ़ बढ़ोतरी देखी गई है। 15 नवंबर तक इस उम्र के 422 बच्चे गुमशुदा दर्ज किए गए। इनमें 143 लड़कियां (34 प्रतिशत) और 279 लड़के (66 प्रतिशत) शामिल थे।
बाद में 27 नवंबर को जारी अपडेट में बताया गया कि पुलिस ने इनमें से 332 बच्चों को खोज लिया है जबकि 90 बच्चे अब भी लापता हैं।
जांच के लिए विशेष टीम
पुलिस का कहना है कि लापता लोगों को ढूँढने के लिए खास टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें तकनीक की मदद से खोज को तेज़ कर रही हैं। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अलर्ट जैसे साधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अधिकारियों ने यह भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति लापता हो जाए तो पहले कुछ घंटों में ही पुलिस को खबर देना बहुत ज़रूरी है क्योंकि इससे उसे जल्दी ढूँढ पाने की संभावना बढ़ जाती है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
