खबर लहरिया Blog Manipur Violence: मैतेई समुदाय के नेता की गिरफ्तारी के बाद सड़क पर उतरे लोग, भड़की हिंसा

Manipur Violence: मैतेई समुदाय के नेता की गिरफ्तारी के बाद सड़क पर उतरे लोग, भड़की हिंसा

 

मणिपुर के इम्फाल से शनिवार 7 जून 2025 को फिर से हिंसा की खबर सामने आई, जिसके बाद मणिपुर के पांच जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया। इसके साथ ही इंटरनेट सेवा 5 दिनों के लिए स्थगित कर दी गई।

Photo of security forces deployed during curfew in Imphal, capital of Manipur

                                                   मणिपुर की राजधानी इम्फाल में कर्फ्यू के दौरान तैनात सुरक्षा बल की तस्वीर (फोटो साभार: सोशल मीडिया)

लेखन सुचित्रा

इसकी वजह है मैतेई (Meitei) समुदाय के नेता असीम कानन सिंह / Asem Kanan Singh का गिरफ्तार होना। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस हिंसा में कम से कम 11 लोग घायल हो गए। 

ऐसे तो मणिपुर में हिंसा 2 साल से चल रही है लेकिन कुछ समय से स्थिति नियंत्रण में थी। वर्तमान समय में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है। मणिपुर हिंसा में राजधानी इम्फाल में सड़कों पर उतरी भीड़ ने टायर, वाहनों को जला दिया, यहां तक की प्रदर्शनकारी पेट्रोल को सिर पर डालते हुए दिखाई दिए। 

 

हिंसा के बाद 5 जगहों पर इंटरनेट बंद करने के आदेश 

मणिपुर की राजधानी इम्फाल में स्थिति और तनावपूर्ण न हो इसके लिए मणिपुर सरकार ने 5 जिलों में इंटरनेट बंद करने के आदेश दिए हैं। जिन इलाकों में इंटरनेट सेवा प्रभावित हुई हैं उनमें बिष्णुपुर, इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल और काकचिंग शामिल है। मणिपुर सरकार द्वारा जारी किए नोटिस में ये जानकारी दी गई। 

मणिपुर में हिंसा की वजह 

मैतेई (Meitei) समुदाय का अरम्बाई टेंगोल (Arambai Tenggol) संगठन के नेता असीम कानन सिंह / Asem Kanan Singh और उनके साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा “कनन को 2023 मणिपुर हिंसा से जुड़ी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में रविवार को इम्फाल हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था। उसके परिवार को गिरफ्तारी के बारे में सूचित कर दिया गया है।”

खबर का पता चलते ही शनिवार की रात को भीड़ इंफाल पश्चिम में क्वाकेथेल पुलिस चौकी पर पहुंची और गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग करने लगी। लाइव मिंट की 8 जून 2025 की रिपोर्ट बताती है कि इसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले, नकली बम और गोलियां चलाईं। इस कार्रवाई में एक 13 वर्षीय लड़के के पैर में गंभीर चोटें आईं और उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही हिंसा में कम से कम 11 लोगों के घायल होने की खबर है। 

आपको बता दें, मई 2023 से मणिपुर में दो जनजातीय समुदाय मैतेई और कुकी समुदाय के बीच जातीय हिंसा की लड़ाई चल रही है। मैतेई मुख्य रूप से बहुसंख्यक-हिंदू है और बड़े पैमाने पर शहरी केंद्रों में रहते हैं। वहीं मुख्य रूप से ईसाई कुकी आमतौर पर राज्य की पहाड़ी क्षेत्रों में बिखरी हुई बस्तियों में रहते हैं। 

दोनों समुदायों के बीच लंबे समय से तनाव भूमि, नौकरियों,आर्थिक लाभ व शिक्षा कोटा को लेकर रहा है। इसके साथ ही अधिकतर कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नेताओं पर राजनीतिक लाभ के लिए जातीय विभाजन को बढ़ाने का भी आरोप लगाया है।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *