खबर लहरिया Blog यूपी : पत्नी के जननांगो को तार से सिलने पर पति हुआ गिरफ़्तार

यूपी : पत्नी के जननांगो को तार से सिलने पर पति हुआ गिरफ़्तार

पुलिस के अनुसार, यूपी के रामपुर में पति द्वारा पत्नी से उसकी वफादारी का सबूत माँगा गया। उसे शक था उसकी पत्नी का संबंध कहीं और है।

WOMEN VIOLENCE IMAGE

साभार-फेमिनीजम इन इण्डिया

उत्तर प्रदेश में 21 मार्च को एक चौकाने वाली घटना सामने आयी है। जिसमें रामपुर जिले के मिलक क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति ने अपनी पत्नी के जननांगो को एल्युमीनियम के धागे से सिल दिया। वो भी सिर्फ इसलिए क्यूंकि उसे शक़ था कि उसकी पत्नी का विवाह से अलग भी किसी के साथ कोई संबंध है।

मामला 21 मार्च की सुबह का है। घटना के बाद आरोपी पति को उसी दिन शनिवार को गिरफ़्तार किया गया। साथ ही महिला का जिला अस्पताल में इलाज ज़ारी है।

वफादारी साबित करो – पति

मिली जानकारी के अनुसार, पति ने पहले अपनी पत्नी को परीक्षा देने को कहा था। जिससे की पत्नी अपने पति के प्रति वफ़ादारी साबित कर सके। घटना के बाद, पति मौके से फरार हो गया। जबकि उसकी पत्नी ज़ख़्मी अवस्था में पड़ी थी।

पीड़िता की माँ ने दायर किया मामला

किसी तरह से हिम्मत करके महिला ने घटना के बारे में अपनी माँ को सूचित किया। जिसके बाद उसकी माँ द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया। साथ ही उसकी माँ द्वारा मिलक पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत भी दर्ज़ कराई गयी। अस्पताल में महिला के इलाज के दौरान डॉक्टरों के पैनल ने यह पुष्टि की कि महिला के साथ हिंसा भी की गयी है।

एसपी ने कहा – भेजा जाएगा जेल

रामपुर के एसपी शोगुन गौतम ने बताया कि ‘महिला की मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि उसे गंभीर चोटें आई हैं। हमने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भी भेजा जाएगा। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि महिला को जिला अस्पताल में उचित इलाज मिले। ” पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिला की उम्र 22 साल है। दोनों की शादी तकरीबन दो साल पहले हुई थी। आरोपी दिहाड़ी मज़दूर के रूप में काम करता था।

जानकारी के अनुसार, महिला ने खुद बताया कि उसे आमतौर पर उसके पति द्वारा पीटा जाता था। उनका एक बच्चा भी था जो पैदा होने के तुरंत बाद ही मर गया था।

आरोपी पति पर लगी ये धाराएं

आरोपी पति के खिलाफ आईपीसी की धारा 498-ए, 323 (अपनी इच्छा से चोट पहुंचाना), 506 (आपराधिक धमकी), 326 (अपनी इच्छा से खतरनाक हथियारों या साधनों से चोट पहुँचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आखिर महिलाओं की वफ़ादारी और उनकी पवित्रता की रीत किसने शुरू की? जो आज भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। आखिर इन बढ़ती हिंसाओं का दोष किसे दिया जाए?