खबर लहरिया क्राइम चित्रकूट: तीन साल तक शादी के झांसे के बाद मिला धोखा?

चित्रकूट: तीन साल तक शादी के झांसे के बाद मिला धोखा?

जिला चित्रकूट में रहने वाली महिला का आरोप है कि गांव इटावा के रहने वाले मोनू यादव ने शादी का वादा कर उसे अपने साथ रखा। लेकिन अब वह उससे शादी के लिए मना कर रहा है। महिला का कहना है कि वह साल 2018 से मोनू के साथ रह रही थी। लड़की की उम्र 25 साल की है और लड़का का उम्र 28 साल है l

महिला का कहना है कि मोनू उसे अलग-अलग ऑर्केस्ट्रा में ले जाकर डांस करवाता था। उसी से उसकी कमाई होती थी। उसी में से ही वह थोड़ा बहुत उसे भी देता था। लेकिन इस साल मई में वह उससे कहने लगा कि वह एक महीने के लिए गांव जा रहा है। फिर महिला ने उसे बताया कि उसके गर्भ में तीन महीने का बच्चा है। यह भी कहा कि वह शादी कर रहा है।

जब उसे सारी बात पता चली तो वह मोनू के खिलाफ बरगढ़ थाने में रिपोर्ट लिखवाने पहुंची। लेकिन वहां पर उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गयी। उससे कहा गया कि मामला रैपुरा थाने का है, वहीं जाकर रिपोर्ट दर्ज़ करवाओ। जब वह रैपुरा थाने पहुंची तो वहां के एसओ ने भी उसे बिना रिपोर्ट लिखे वापस भेज दिया। इसके बाद वह बीएसपी पार्टी के चौधरी साहब के पास भी गयी। उनके द्वारा कहा गया कि वह कार्यवाही करवाएंगे। लेकिन कुछ नहीं हुआ। वह कार्यवाही और इंसाफ की आस लिए दर-दर भटक रही है।

महिला की मांग है कि आरोपी मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ कर उसे जेल भेजा जाये। महिला ने बताया कि व्यक्ति 4 तरीख को शादी कर रहा था। वह भी वहां पहुँच गयी और मोनू को उससे शादी करने के लिए कहा। लेकिन मोनू के घर वालों द्वारा उसे डांट कर भगा दिया गया। जब वह वापस जा रही थी तो उसे पकड़ने की भी कोशिश की गयी। लेकिन वह किसी तरह से बचकर अपने मायके पहुंच गयी। मोनू के परिवार द्वारा उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

सुनील कुमार, बड़ा दरोगा रैपुरा थाना से फोन पर की गयी बातचीत इनका कहना है की लड़की भी दो शादी पहले से की हुयी है उसके दो बच्चे भी है इस पर रिपोर्ट लिखी गयी है कार्यवाही की जाएगी l

महिलाओं के खिलाफ हिंसा की बात को लेकर यूँ तो कह दिया जाता है कि उनके मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी। पर इस मामले में जिस तरह से महिला को एक रिपोर्ट लिखवाने के लिए इतनी जद्दोजेहद करनी पड़ रही है। इससे महिला को इन्साफ मिलना मुश्किल दिखाई पड़ता है। ऐसे में कोई इंसाफ के लिए कानून पर किस तरह से विश्वास कर सकता है?

कोविड से जुड़ी जानकारी के लिए ( यहां ) क्लिक करें।