रांची में कस्टमर ने घर में वेज बिरयानी की जगह चिकन बिरयानी देखी तो उसने रेस्टोरेंट मालिक को फोन किया और उससे शिकायत की। ऐसे में दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस हो गई। आरोप है कि बाद में गोली मारकर हत्या की।
झारखंड के रांची के पॉश इलाकों में शुमार कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट में शनिवार देर रात गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। यह आरोप है कि रेस्टोरेंट के मालिक विजय बैठा को कुछ युवकों ने गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हत्या का कारण महज बिरयानी का पार्सल विवाद था। सूत्रों के अनुसार, अभिषेक नामक युवक ने चौपाटी से वेज बिरयानी पैक करवाई थी। घर पहुंचने पर जब उसे पैकेट में (नॉन वेज) चिकन बिरयानी मिली तो उसने रेस्टोरेंट संचालक विजय को फोन कर बहस की। इसके बाद देर रात वह सीधे दुकान पहुंच गया और वहां दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर अभिषेक ने पिस्टल निकालकर विजय के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही विजय मौके पर गिर पड़े और आरोपी भाग निकला। यह घटना बीते शनिवार 18 अक्टूबर 2025 को हुई थी। हत्या करने के बाद आरोपी फ़रार थे।
हत्या का कारण बिरयानी विवाद है या कुछ और
गोली लगते ही विजय नाग जमीन पर गिर पड़े. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई। सरेआम होटल में फायरिंग से दहशत फैल गई और आम लोग परेशान हो गए। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, खाली कारतूस और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए। डीएसपी स्तर के अधिकारी जांच की निगरानी की। पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या का कारण सिर्फ बिरयानी का विवाद नहीं हो सकता बल्कि पुरानी रंजिश भी हो सकती है।
परिजनों ने किया सड़क जाम
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने चौपाटी रेस्टोरेंट के सामने सड़क जाम कर दी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। आक्रोशित भीड़ ने कुछ समय के लिए आवागमन रोक दिया जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद आवागमन सामान्य हुआ।
पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़
20 अक्टूबर 2025 रविवार देर रात कांके क्षेत्र के रिंग रोड, सुकुरहुटु स्थित आइटीबीपी कैंप के पास रांची पुलिस की अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस की टीम को देखते ही अभिषेक सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी। ऐसे में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभिषेक सिंह के दोनों पैर में गोली लगी। घायल अपराधी अभिषेक सिंह को मुठभेड़ के बाद रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दूसरी ओर इस घटना से रांची के कारोबारी और होटल व्यवसायी वर्ग में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि मामूली विवाद में हत्या जैसी वारदात शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

