खबर लहरिया Blog आईपीएल 2021 ऑक्शन : जानिए किन खिलाड़ियों पर है सबकी नज़र और कौन है सबसे महंगा खिलाड़ी

आईपीएल 2021 ऑक्शन : जानिए किन खिलाड़ियों पर है सबकी नज़र और कौन है सबसे महंगा खिलाड़ी

भारत का त्यौहार यानी इंडियन प्रीमियर लीग के ऑक्शन (बोली) की शुरआत आज से हो चुकी है। इसमें खिलाड़ियों को अलग-अलग बोली लगाकर फ्रेंचाइज़ी द्वारा अपनी टीम के लिए खरीदा जाता है। 2021 के आईपीएल के इस सत्र में कुल आठ टीमें हैं। जो एक-दूसरे के खिलाफ युद्ध मैदान में उतरेंगी और आईपीएल की इस साल की ट्राफी के लिए मुकाबला करेंगी। 

IPL-2021-Auction-LIVE-new

यह है टीमों के नाम 

मुंबई इंडियंस

चेन्नई सुपर किंग्स

पंजाब किंग्स ( पहले इसका नाम किंग इलेवन पंजाब था)

राजस्थान रॉयल्स

सनराइजर्स हैदराबाद

दिल्ली कैपिटल

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर

कोलकाता नाइट राइडर्स

आईपीएल के इस सीज़न के लिए कुल 1,114 खिलाड़ियों ने शुरुआत में खेल में भागीदारी के लिए पंजीकरण किया था। जिसमें से सिर्फ 292 खिलाड़ियों को ही ऑक्शन में रखा गया। जिसमें 164 खिलाड़ी भारतीय,125 खिलाड़ी विदेशी और 3 खिलाड़ी संबंधित देशों से हैं। 

सबसे ज़्यादा कीमत में बिकने वाले खिलाड़ियों की आधार कीमत 2 करोड़ और कम कीमत में बिकने वाले खिलाड़ियों की आधार कीमत 20 लाख रूपये रखी गयी है। 10 खिलाड़ी इस सीज़न में ऐसे है जिनका आधार मूल्य 2 करोड़ है। वहीं 12 खिलाड़ियों का आधार मूल्य 1.5 करोड़ है। 

जानकारी के अनुसार, तीन बार की विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग ने इस साल अपने कई खिलाड़ियों को छोड़ दिया है। वहीं मुंबई इंडियंस और सुनराइज़र हैदराबाद ने अपने टीम को पहले जैसा ही रखा है। दूसरी ओर, नए पंजाब किंग्स, आरसीबी और केकेआर टीम इस साल अपनी टीम को मज़बूत करने के लिए नए खिलाड़ियों को जोड़ने की कोशिश में है। 

ऑक्शन में इन खिलाड़ियों पर रहेगी नज़र 

स्टीव स्मिथ (बेस प्राइस: 2 करोड़ रुपये)

स्टीव स्मिथ को दिल्ली कैपिटल्स द्वारा 2.2 करोड़ रूपये में  आईपीएल के लिए खरीद लिया गया है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने कप्तान स्टीव स्मिथ को छोड़कर सबकों चौका दिया था। स्मिथ को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। स्मिथ ने साल 2020 के सत्र में तीन अर्धशतक बनाए है।

ग्लेन मैक्सवेल (बेस प्राइस: 2 करोड़ रुपये)

इस साल रॉयल चैंलेंजर्स बैंगलोर ने मैक्सवेल को 14.25 करोड़ में खरीद कर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। मैक्सवेल ने 2020 में बिग-हिट ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने अपने निराशाजनक प्रदर्शन से टीम और देशों को काफी निराश किया था। जिसके बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने मैक्सवेल को छोड़ दिया। लेकिन आईपीएल के बाद मैक्सवेल ने बिग बैश लीग के साथ-साथ भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया मैच में एक बार लोगों को अपने खेल से प्रभावित किया।  टी-20 के सबसे घातक बल्लेबाज़ों में से एक माना जा रहा है।

केदार जाधव (बेस प्राइस: 2 करोड़ रुपये)

केदार जाधव को चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा साल 2020 के सीज़न के बाद छोड़ दिया गया था। लेकिन जाधव की काबिलियत और अनुभव को देखते हुए इस बार वह सबसे ज़्यादा कीमत वाले खिलाड़ियों की सूची में से एक है। 

डेविड मालन (बेस प्राइस: 1.5 करोड़ रुपये)

डेविड मालन आईपीएल में पहले कभी नहीं खेले हैं। लेकिन वह इंग्लिश बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। मालन 19 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय (टी 20 आई) में 53.43 की औसत और 149.47 की बेहद प्रभावशाली स्ट्राइक रेट के साथ रन बना चुके हैं। 

शाकिब अल हसन (बेस प्राइस: 2 करोड़ रुपये)

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान ने आईपीएल का आखिरी संस्करण नहीं खेला था। शाकिब एक ऑल-राउंडर है।वह बाएं हाथ के बल्लेबाज़ और एक स्पिनर है, जिससे शाकिब ने पहले भी अपने खेल से लोगों को प्रभावित किया है। 

जानिये कौन-सा खिलाड़ी रहा सबसे महंगा 

  1. युवराज सिंह

भारतीय क्रिकेट टीम का स्टार खिलाड़ी और ऑल-राउंडर युवराज सिंह आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगा खिलाड़ी है। साल 2015 में 2 करोड़ की मूल कीमत के साथ दिल्ली डेयरडेविल ने युवराज पर 16 करोड़ रुपयों की बोली लगाई थी। जिससे की वह आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।  इससे पहले साल 2014 में आरसीबी में युवराज को 14 करोड़ की बोली लगाकर खरीदा था। 

  1. पैट कमिंस

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज पैट कमिंस आईपीएल के इतिहास में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। साल 2020 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने पैट कमिंस पर सबसे बड़ी बोली लगाकर 15.5 करोड़ में उसे खरीदा था। 

  1. गौतम गंभीर

साल 2011 में आईपीएल के चौथे सीजन में भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 14.9 करोड़ में खरीदा था। इससे वह आईपीएल के इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। 

  1. बेन स्टोक्स

इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी बेन स्टोक्स को साल 2017 के आईपीएल के दसवें सीजन सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में 14.5 करोड़ रुपयों में खरीदा था। साल 2018 में राजस्थान रॉयल्स ने स्टोक्स को 12.5 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में लिया था। यह उन्हें चौथा महंगा खिलाड़ी बनाता है। 

द्वारा लिखित – संध्या