खबर लहरिया Blog बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का हुआ निधन

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का हुआ निधन

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का 72 साल की उम्र में दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया।

Former Deputy Chief Minister of Bihar and senior BJP leader Sushil Kumar Modi passed away

                              बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी की तस्वीर ( फोटो साभार – गूगल )

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी के निधन की खबर कल रात सोमवार 13 मई को सामने आई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश दिए कि उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से दिल्ली से पटना लाया जाए। वह कैंसर से पीड़ित थे और दिल्ली के अस्पताल एम्स में उनका निधन हो गया। कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का 72 साल की उम्र में दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील मोदी के पार्थिव शरीर को विशेष विमान से दिल्ली लाया जायेगा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ से होगा।

ये भी पढ़ें – श्याम रंगीला: आज विपक्ष में पीएम मोदी के खिलाफ उम्मीदवार, कल थे पीएम मोदी फैन | Lok Sabha Election 2024

पीएम मोदी ने जताया दुःख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशील मोदी के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया X पर लिखा कि, “पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!”

पहले ही घोषणा की थी लोकसभा चुनाव में नहीं ले पाएंगे हिस्सा

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार 3 अप्रैल को सोशल मीडिया X पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने पोस्ट करते हुए लिखा था कि, “मैं पिछले 6 महीने से कैंसर से जूझ रहा हूं। अब मुझे लगता है कि लोगों को बताने का समय आ गया है। मैं लोकसभा चुनाव में कुछ नहीं कर पाऊंगा। मैंने पीएम को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी के लिए हमेशा आभारी और समर्पित हूँ।”

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा पिछले 51-52 सालों से मेरे दोस्त

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने सोशल मीडिया X पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि, “पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।

वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजद नेता तेजस्वी यादव और कई अन्य लोगों ने मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke