खबर लहरिया Hindi मिट्टी के दिए बनाते जरुर हैं पर बिकते नहीं, क्यों? 

मिट्टी के दिए बनाते जरुर हैं पर बिकते नहीं, क्यों? 

वाराणसी के सुल्तानपुर गांव में प्रजापति परिवार दो महीने पहले से मिट्टी के दीये और बर्तन बनाने में जुटे हैं। महंगी मिट्टी, रंग और दूसरे सामान के बीच बिक्री लगातार घट रही है। कभी इसी काम से पूरे परिवार का खर्च चलता था लेकिन अब घर की महिलाएं दूसरों के यहां खाना बनाने और बर्तन धोने जा रही हैं। परिवारों को चिंता है कि इस बार दीये बेचकर मेहनत की कमाई निकलेगी भी या नहीं।

Earthenware pots ready for sale in the market

बाजार में बिकने के लिए तैयार मिट्टी के बर्तन (फोटो साभार: सुशीला)                       

ये जो ऊपर तस्वीर देख रहे हैं इसे बनाने के पीछे कितनी मेहनत और कहानी है ये आपको पता है? ये कहानी सीधे देश की महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और पिछे छूटती परम्पराओं से जुड़ती है। 

दिवाली आने वाली है। घरों में सफाई हो रही है, बाजारों में रंग-बिरंगी झालरें सजने लगी हैं और लोग अपने घरों को रोशन करने के लिए दीये खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। इसी बीच वाराणसी जिले के चिरईगांव ब्लॉक के सुल्तानपुर गांव में कुछ घर ऐसे भी हैं, जहां दिवाली की तैयारी कई महीने पहले से शुरू हो जाती है। यहां प्रजापति समुदाय के करीब 10 परिवार मिट्टी के दीये और दूसरे बर्तन बनाते हैं। उनके लिए दिवाली सिर्फ त्योहार के साथ साल की कमाई का एक बड़ा मौका भी है।

इन घरों में मिट्टी गूंथने, दीये बनाने, उन्हें सुखाने और पकाने का काम चल रहा है। कोई दीयों को आकार दे रहा है, तो कोई उन्हें रंगने की तैयारी में लगा है। परिवार के बड़े-बुजुर्गों से लेकर महिलाएं और दूसरे सदस्य तक इस काम में हाथ बंटाते हैं। हर किसी की उम्मीद है कि दिवाली पर दीये बिकेंगे और कुछ पैसे हाथ आएंगे। इन्हीं पैसों से घर का खर्च चलेगा और परिवार भी त्योहार मना सकेगा।

लेकिन इस बार मेहनत के साथ – साथ चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि मिट्टी महंगी हो गई है, मिट्टी ढूँढना मुश्किल होता रहा है और दीयों की बिक्री भी पहले जैसी नहीं रही। बाजार में मोमबत्तियां, बिजली की झालरें और मशीनों से बने सजावटी सामान की भरमार है। ऐसे में हाथ से दीये बनाने वाले परिवारों के सामने जब लागत बढ़ती जा रही है और बिक्री घट रही है तो उनकी मेहनत की मजदूरी भला कैसे निकलेगी?

ये कहानी है उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के चिरईगांव ब्लॉक के सुल्तानपुर गांव में प्रजापति समुदाय के करीब 10 परिवार की। जो मिट्टी के दीये और बर्तन बनाकर अपना घर चलाते हैं।

मिट्टी के बर्तन को सुखाने के बात समेटते हुए (फोटो साभार: सुशीला)                               

मिट्टी महँगी है लेकिन दिए के दाम नहीं 

पूनम भी इन्हीं परिवारों का हिस्सा हैं। मिट्टी में हाथ सने हुए हैं और कहती है “परिवार में हर साल दिवाली से करीब दो महीने पहले दीये और मिट्टी के दूसरे बर्तन बनाने का काम शुरू हो कर देते है। हम तीन-चार तरह की चीजें बनाते है, जिनमें दीये भी शामिल हैं। हमें दिवाली के समय इनकी बिक्री से कुछ कमाई होने की उम्मीद रहती है। पर अब पहले की तरह मिट्टी ही नहीं मिल पाता है। ख़रीदने जाओ तो महंगाई अलग।” 

वह बताती हैं कि पहले जिस मिट्टी के लिए करीब 1,000 से 1,500 रुपये खर्च होते थे, अब उसी के लिए लगभग 4,000 रुपये तक देने पड़ रहे हैं। सिर्फ इतना ही नहीं कीमत बढ़ने के बाद भी पहले जैसी मिट्टी नहीं मिलती। इससे दीये बनाने की लागत बढ़ गई है और इसका काम पर सीधा असर पड़ रहा है।

“दीये बनाने के लिए सिर्फ मिट्टी ही नहीं चाहिए होती। उन्हें पकाने के लिए गोटी (उपले) और दूसरे सामान भी खरीदने पड़ते हैं। तैयार दीयों को सजाने के लिए रंग चाहिए। इन सभी चीजों के दाम बढ़ने से छोटी-सी बिक्री पर भी खर्च का बोझ बढ़ जाता है।”

मिट्टी के दिए सुखाने के लिए रखा गया है (फोटो साभार: सुशीला)                          

अभिषेक कुमार प्रजापति जो दिया और अन्य बर्तन भी बनाते हैं बताते हैं इस बार समझ नहीं आ रहा कि दीवाली की तैयारी किस तरह करें। दीये पकाने में इस्तेमाल होने वाली गोटी भी महंगी हो गई है। कहते हैं, “अगर 100 रुपये का रंग खरीदते हैं, तो उससे करीब 100 से 150 दीये ही रंग पाते हैं। अब इतनी महंगाई में काम करने का मन भी नहीं करता। लोगों को दीये कम दाम में चाहिए। ऐसे में हम अपना खर्च कैसे निकालें?”

अभिषेक के मुताबिक दीये बेचने से जो पैसा मिलता है, उसमें कई बार मेहनत की मजदूरी भी नहीं निकल पाती। इसके बावजूद परिवार काम कर रहा है, क्योंकि दूसरा कोई पक्का रोजगार नहीं है। कुछ लोग गांव में घर-घर जाकर दीये बेचते हैं, तो कुछ दुकानों पर सामान देते हैं।

इन सब में कभी-कभी मौसम भी साथ छोड़ देता है। जिस तरह से देश में मौसम का हाल है कहीं-धूप कहीं बाढ़ तो ये काम मानों रुक जाता है। अचानक बारिश आने पर तैयार किए गए बर्तनों को रखने के लिए जगह भी पर्याप्त नहीं है। भट्ठी में आग नहीं लग पाती सो अलग। 

परिवार समेत मिट्टी से घर बनाने की कहानी (फोटो साभार: सुशीला)                             

पहले सौ दिए लेने वाले अब दिए 25 में सिमट गए हैं

मीणा सुल्तानपुर गांव में मिट्टी के दीये और बर्तन बनाने वाले प्रजापति समुदाय के परिवारों में से एक हैं। वह अपने परिवार के साथ इस पुश्तैनी काम से जुड़ी हैं। उन्होंने समय के साथ मिट्टी के बर्तनों की मांग में बदलाव देखा है। उनके मुताबिक पहले लोग बड़ी संख्या में दीये और मिट्टी के दूसरे सामान खरीदते थे लेकिन अब बाजार में दूसरे विकल्प आने से बिक्री कम हो गई है। उन्हें चिंता है कि अगर यही हाल रहा, तो आने वाली पीढ़ी इस काम को आगे नहीं बढ़ा पाएगी। 

मीणा कहती हैं कि “पहले जिन घरों में 100 दीये जलाए जाते थे। अब वहां 25 दीये ही लिए जाते हैं। भेड़िहार, घड़िया और गनी जैसे दूसरे पारंपरिक इस्तेमाल वाले बर्तनों की मांग भी पहले जैसी नहीं रही। कई लोग अब इनकी एक-दो चीजें ही खरीदते हैं। आज से कुछ समय पहले बच्चे मिट्टी के छोटे खिलौने और खेलने वाले बर्तन भी लेते थे। पर अब तो बच्चों के लिए प्लास्टिक से बने खिलौने आने लगे हैं। मिट्टी के खिलौनों से कौन ही खेलेगा?”

मीणा के मुताबिक, अब कई लोग मिट्टी के दीये सिर्फ इसलिए खरीदते हैं क्योंकि यह पुरानी परंपरा है। वे कुछ दीये लेकर त्योहार की रस्म पूरी कर लेते हैं। वह सोचती हैं कि अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में मिट्टी के बर्तन बनाने का काम पूरी तरह बंद हो सकता है। उन्हें यह भी नहीं लगता कि उनकी अगली पीढ़ी इस काम को आगे बढ़ाएगी क्योंकि एक तो बिकती नहीं है और मिट्टी के कामों को छोटे काम के नजर से देखा जाता है। 

तीस साल से मिट्टी के बर्तन बना रहे हैं अमरजीत फिर भी घर चलाना मुश्किल

वाराणसी के रहने वाले अमरजीत प्रजापति करीब 30 साल से मिट्टी के बर्तन बनाने का काम कर रहे हैं। उनके पिता और दादा भी यही काम करते थे। बचपन से उन्होंने घर में मिट्टी के बर्तन बनते देखे और बड़े होने पर इसी काम को अपना रोजगार बना लिया।

मिट्टी को बर्तन का आकर देते कारीगर (फोटो साभार: सुशीला)                     

अमरजीत के मुताबिक पहले दिवाली के समय उनका परिवार घर-घर जाकर दीये बेचता था। लोग अपने घरों के लिए 100 से 200 दीये तक ले जाते थे। एक दिवाली पर उनका परिवार करीब 8,000 से 10,000 दीये बांट या बेच लेता था। अब पूरे मोहल्ले में मिलाकर भी शायद 2,000 से 5,000 दीये ही बिक पाते हैं।

अब बाजार में मशीनों से बने सुंदर दीये और दूसरे सजावटी सामान आने लगे हैं इस कारण से अमरजीत जैसे कारीगरों के लिए इनसे मुकाबला करना मुश्किल हो रहा है। 

उनके परिवार में अब मिट्टी के काम से इतनी आमदनी नहीं होती कि सभी लोगों का खर्च चल सके। अब घर की महिलाएं दूसरों के यहां जाकर खाना बनाने और चौका-बर्तन करने का काम करती हैं। वहीं अमरजीत के दो बेटे हैं। दोनों पढ़े-लिखे हैं। एक ने हाईस्कूल और दूसरे ने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की है। इसके बावजूद उन्हें अपनी जरूरतों के मुताबिक रोजगार नहीं मिल पाया। एक बेटा ऑटो चलाता है जबकि दूसरा मजदूरी करता है। 

यह बदलाव बताता है कि इस महंगाई के दौर में पुश्तैनी काम से होने वाली कमाई अब परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए काफी नहीं रह गई है।

एक मकान में पांच परिवार रहते हैं फिर भी कमाई का सहारा नहीं

अमरजीत के परिवार की आर्थिक हालत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पांच परिवार एक ही मकान में रहते हैं। वह बताते हैं कि उनके पिता को सरकार की ओर से आवास मिला था लेकिन अब उसी मकान में परिवार के कई सदस्य रह रहे हैं। उनके छोटे भाई का निधन हो चुका है। भाई के तीन बच्चे और उनकी पत्नी भी परिवार के साथ हैं। परिवार के कुछ सदस्य मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं जबकि दूसरे लोग अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए अलग-अलग काम करते हैं।

इस मिट्टी के बर्तन बनाने में कई घंटे बैठकर काम करना पड़ता है। लगातार बैठे रहने से कमर में दर्द होने लगता है। सोचिए जब मेहनत के बाद भी उस हिसाब से कमाई नहीं खर्च किए हुए पैसे भी वापस नहीं आ पाते वो किस रौशनी से दिवाली मनाएँगे? 

अमरजीत की परेशानी यह है कि परिवार का पुश्तैनी काम भी चलाना है और घर के खर्च के लिए दूसरे रोजगार भी ढूंढने हैं।

कहते हैं “अगर पिछले कुछ साल में इस काम से होने वाली कमाई बढ़ी होती तो शायद परिवार के लिए घर बनवा पाता, बच्चों की पढ़ाई पर ज्यादा खर्च कर पाता। आज परिवार की महिलाएं भी घर चलाने के लिए दूसरों के यहां चूल्हा-चौका कर रही हैं।”

कच्चे मिट्टी का बर्तन और मिट्टी का कच्चा घर (फोटो साभार: सुशीला)                      

अगली पीढ़ी के लिए मिट्टी का काम कितना बचेगा?

मिट्टी पहचानना, उसे तैयार करना, चाक पर आकार देना, दीये सुखाना और पकाना जैसे काम परिवारों ने अपने बड़ों से सीखे हैं। इसी हुनर से उन्होंने सालों तक अपना घर चलाया।

मिट्टी से बने दिए को आग के भट्टे में पकाया जा रहा है (फोटो साभार: सुशीला)                  

अमरजीत बताते हैं कि उनके बच्चे और परिवार के दूसरे युवा अब इस काम को पहले की तरह नहीं करना चाहते। जब मेहनत के बाद भी पर्याप्त कमाई नहीं होती तो वे दूसरे रोजगार की तरफ जाना चाहते हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ ये नहीं है कि इस दिवाली कितने दीये बिकेंगे। सवाल यह भी है कि अगर मिट्टी के बर्तन बनाने से परिवार का खर्च नहीं चल पाएगा तो इस हुनर को अगली पीढ़ी तक कौन पहुंचाएगा? जो काम कभी पूरे परिवार की रोजी-रोटी था क्या वह धीरे-धीरे सिर्फ त्योहारों तक सीमित होकर रह जाएगा?

मेहनत तो जारी है उम्मीद बस इतनी है कि लागत निकल आए

दिवाली से पहले सुल्तानपुर के इन घरों में काम रुका नहीं है। पूनम, अभिषेक, मीणा और अमरजीत जैसे कारीगर अब भी मिट्टी के दीये बनाने में लगे हैं। वे जानते हैं कि बाजार में उनकी चीजों की मांग पहले जैसी नहीं रही। उन्हें ये भी पता है कि मिट्टी और दूसरे सामान खरीदने में पहले से ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ रहा है। फिर भी वे दीये बना रहे हैं, उन्हें सुखा रहे हैं और बेचने की तैयारी कर रहे हैं।

उनके लिए दिवाली की कमाई का मतलब महज कुछ रुपये हाथ आना नहीं है। उम्मीद है कि इसी से घर का राशन खरीदना होगा, बच्चों की जरूरतें पूरी करनी होगी और त्योहार के दिन अपने घर में भी दीये जलाने हैं। जिन हाथों से दूसरे लोगों के घर रोशन होंगे उन्हीं हाथों को अपने घर की जरूरतें पूरी करने के लिए भी कमाई चाहिए।

इस बार भी इन परिवारों ने उम्मीद के साथ काम शुरू किया है। लेकिन उनकी इच्छा बहुत बड़ी नहीं है। वे बस चाहते हैं कि दीये बिक जाएं, मिट्टी और दूसरे सामान पर लगा पैसा निकल आए और कई घंटे की मेहनत के बदले कुछ मजदूरी बच जाए।

दिवाली पर जब घरों में मिट्टी के दीये जलेंगे तो उनकी रोशनी के पीछे उन कारीगरों की मेहनत भी होगी जो महीनों पहले से इस त्योहार की तैयारी में जुटे हैं। उनके लिए असली खुशी तब होगी जब इस रोशनी को तैयार करने वाले उनके अपने घरों में भी त्योहार मनाने के लिए पर्याप्त पैसे बच सकेंगे। 

रिपोर्ट – सुशीला, लेखन – रचना 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *