खबर लहरिया Blog भारतीय नेवी पर भी कोरोना वायरस का कहर, एक साथ 21 जवान संक्रमित

भारतीय नेवी पर भी कोरोना वायरस का कहर, एक साथ 21 जवान संक्रमित

मुंबई दुनियाभर के साथ भारत में कोरोना वायरस तेजी से अपना पैरा फैलता जा रहा है। आम नागरिक से लेकर डॉक्टर तक अपना कहर मचाने के बाद कोरोना अब भारतीय नेवी के जवानों में अपना कहर बरपाने लगा है। बताया जा रहा है कि पश्चिमी नेवी कमान के तट पर मौजूद लॉजिस्टिक और एडमिनिस्ट्रेटिव सपोर्ट बेस आईएनएस आंग्रे पर 21 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि आईएनएस आंग्रे, मुंबई परिसर में एक नाविक से बाकी लोगों में इसका संक्रमण फैला है। यह नाविक 7 अप्रैल को हुई जांच में पॉजिटिव पाया गया था।

यह पहला मामला है जब इतनी अधिक संख्या में सैन्य कर्मियों का कोविड-19 के लिए इलाज चल रहा है। भारतीय थलसेना में अभी तक इस जानलेवा वायरस के आठ मामले सामने आए हैं। नौसेना ने एक बयान में बताया, मुंबई में नौसैन्य परिसरों के भीतर सेवारत कुल 21 कर्मी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें आईएनएस आंग्रे के 20 नौसैनिक शामिल हैं।

नेवी ने बताया कि सभी संक्रमितों का मुंबई के एक नौसैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। नौसेना ने बताया, ये सभी आईएनएस आंग्रे के एक ही रिहायशी ब्लॉक में रहते हैं। प्राथमिक संपर्क में आए सभी लोगों की कोविड-19 के लिए जांच की गई। वहां रह रहे सभी लोगों को फौरन क्वारंटाइन में भेज दिया गया है। आईएनएस आंग्रे को भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

बता दें कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों में लगातार तेजी से इजाफा देखने को मिल रहा है। कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज कर रहे स्वास्थ्यकर्मी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं। वहीं भारतीय सेना में शामिल अधिकारी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं। भारतीय सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक डॉक्टर कोविड-19 से पॉजिटिव पाए गए हैं।

भारतीय सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक अधिकारी एंटी-कोविड ऑपरेशंस में डॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हालांकि अब उन्हें कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है। इसके साथ ही सेना में संक्रमितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। सेना के सूत्रों ने कहा, ‘सेना के डॉक्टर को दिल्ली में सेना मुख्यालय के एक हिस्से में तैनात किया गया था और वे एंटी-कोविड अभियानों में शामिल थे।’

सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक, नौसेना मुख्यालय समेत रक्षा मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी मामले पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि नौसेना ने अपनी सभी शाखाओं को कोविड-19 से कर्मियों की रक्षा के लिए अत्यधिक एहतियात बरतने का आदेश दिया है। पिछले हफ्ते नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने एक वीडियो संदेश में अपने कर्मियों से कहा था कि जहाज और पनडुब्बी समेत अहम संचालनात्मक संपत्तियों को संक्रमण मुक्त रखना चाहिए। उन्होंने कहा था, कोरोना वायरस वैश्विक महामारी अप्रत्याशित है और यह पहले कभी नहीं हुई। इसका भारत समेत दुनियाभर में काफी असर पड़ा है।

नौसेना कर्मियों के लिए 15 मिनट के वीडियो संदेश में नौसेना अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें अच्छी परिस्थितियों की उम्मीद करते हुए बदतर के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमें सबसे खराब स्थिति के लिए तैयार रहने की जरूरत है, यह एक लंबी लड़ाई है।’ सशस्त्र बलों ने अपनी रैंकों के अंदर कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए निवारक उपायों का सहारा ले रहे हैं।