मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज बादल छाए रह सकते हैं व दोपहर में धूप रहेगी। वहीं 6 मार्च को मौसम में बदलाव हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट और हवाएं तेज़ हो सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, और जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फ़बारी की वजह से आज दिल्ली की सुबह ठंडी रही व आसपास हल्की बारिश भी हुई। ठंडी हवाओं की वजह से दिल्ली एनसीआर, नोएडा, गाज़ियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद के तापमान में गिरावट देखी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 26 और 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
आईएमडी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध रही। हवाएं मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 से 14 किमी. प्रति घंटा की गति से बह रही थीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ये हवाएं दोपहर तक धीरे-धीरे 22 से 24 किमी. प्रति घण्टे की गति से बढ़ सकती हैं। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि इस दौरान हवा की गुणवत्ता 148 थी, जिसका मतलब है कि हवा की गुणवत्ता सामान्य है लेकिन फिर भी सावधानी बरतने की ज़रूरत हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज बादल छाए रह सकते हैं व दोपहर में धूप रहेगी। वहीं 6 मार्च को मौसम में बदलाव हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट और हवाएं तेज़ हो सकती हैं।
ये भी देखें – जलवायु परिवर्तन और वन्यजीव एक-दूसरे से कैसे हैं जुड़े?
पहाड़ी क्षेत्रों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर में भारी बारिश, बर्फ़बारी और तूफ़ान के साथ ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि मार्च के महीने में सामान्य से अधिक गर्मी होने के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जो गर्मी आने का संकेत देती है।
वहीं आईएमडी के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डी शिवानंद पाई ने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में इस महीने अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। वहीं भारत के दक्षिणी क्षेत्रों (प्रायद्वीपीय) में तापमान सामान्य से थोड़े कम रहेंगे।
‘प्रायद्वीपीय’ भारत के उस हिस्से को कहते हैं, जो उपमहाद्वीप के नीचे वाले हिस्से में स्थित होते हैं। जैसे तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से।
‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’