खबर लहरिया Blog Chhattisgarh: प्लांट में लगी आग, कई मज़दूर आग से झुलसे, नौ महीने की बच्ची की गई जान 

Chhattisgarh: प्लांट में लगी आग, कई मज़दूर आग से झुलसे, नौ महीने की बच्ची की गई जान 

मंगल कार्बन प्लांट में हुए हादसे में झुलसी 9 महीने की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची को गंभीर हालत में रायपुर के एक निजी बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टर लगातार उसका इलाज कर रहे थे।                     

हादसे के दौरान की तस्वीर (फोटो साभार: दैनिक भास्कर)

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में 5 फरवरी 2026 को टायर गलाने के दौरान फर्नेस विस्फोट (इस्पात उद्योग में लौह अयस्क से पिघला हुआ लोहा (Pig Iron) निकालने की एक प्रमुख भट्टी है। यह एक ऊँची, खड़ी भट्टी (Vertical Cylinder) होती है जिसमें ऊपर से लौह अयस्क, कोक और चूना पत्थर डाला जाता है और नीचे से गर्म हवा फूंकी जाती है, जिससे रासायनिक प्रक्रिया द्वारा पिघला लोहा प्राप्त होता है। ) हो गया जिसमें कई मज़दूर गंभीर रूप से घायल हैं। मंगल कार्बन प्लांट में हुए हादसे में झुलसी 9 महीने की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची को गंभीर हालत में रायपुर के एक निजी बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टर लगातार उसका इलाज कर रहे थे। हादसे में बच्ची का शरीर 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गया था। काफी कोशिशों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बच्ची की मां उसे काम पर अपने साथ प्लांट ले जाती थी क्योंकि उसे छोड़ने के लिए घर पर कोई नहीं था। अब बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी।

नौ महीने बच्ची की तस्वीर (फोटो साभार: दैनिक भास्कर)     

प्लांट में कैसे हुआ बड़ा हादसा

यह दर्दनाक हादसा 5 फरवरी को खरसिया थाना क्षेत्र के बानीपाथर गांव स्थित मंगल कार्बन प्लांट में हुआ था। प्लांट में काम के दौरान जब फर्नेस को खोला गया तो उसके अंदर से तेज आग और गर्म हवा बाहर निकल आई। आग का दबाव इतना ज्यादा था कि पास में काम कर रहे मजदूर संभल भी नहीं पाए और सीधे उसकी चपेट में आ गए। खबरों के अनुसार बताया जा रहा है कि प्लांट में पुराने टायर पिघलाकर काला तेल (तारकोल) निकाला जाता है जिसका इस्तेमाल सड़क बनाने में किया जाता है। उसी काम के दौरान यह दुर्घटना हुई।

सुरक्षा में लापरवाही के गंभीर आरोप

खबरों के अनुसार मजदूरों और उनके परिजनों का आरोप है कि फर्नेस को बिना पूरी तरह ठंडा किए ही खोल दिया गया था। इसके अलावा मजदूरों को न तो सही सुरक्षा कपड़े दिए गए थे और न ही आग से बचाव के जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। हेलमेट, दस्ताने और आग से बचाने वाले कपड़ों की कमी के कारण मजदूर सीधे आग की चपेट में आ गए। परिजनों का कहना है कि अगर सुरक्षा के इंतजाम पूरे होते और नियमों का पालन किया जाता तो यह हादसा इतना बड़ा नहीं होता। इसी लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।

एक ही परिवार के चार लोग झुलसे, कई की हालत गंभीर

इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य बुरी तरह झुलस गए थे। साहेब लाल खड़िया (46) शिव खड़िया (27) 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गए। उदासिनी खड़िया (25) 30 से 40 प्रतिशत तक झुलसी जबकि 9 महीने की भूमि खड़िया 80 से 90 प्रतिशत तक जल गई थी जिसकी अब मौत हो चुकी है। इनके अलावा कौशल पटेल 70 से 80 प्रतिशत, इंदीवर 80 से 90 प्रतिशत और प्रिया सारथी 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसी है। सभी घायलों को रायपुर में भर्ती कराया गया है। कई मजदूरों को सांस लेने में दिक्कत होने के कारण वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। खबरों के मुताबिक़ डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।               

FIR, दबाव और परिवारों की मांग

हादसे के बाद आग से ग्रसित मज़दूरों के परिवारों की शिकायत पर खरसिया थाने में प्लांट प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी लेकिन अब परिजनों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि वे केस वापस लें और अपना बयान बदल दें। दैनिक भास्कर के खबर अनुसार आग से ग्रसित मज़दूरों के परिवारों का कहना है कि उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है और समझौता करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। परिवारों की मांग है कि मृत बच्ची के माता-पिता को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए। सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च प्लांट प्रबंधन उठाए। साथ ही FIR वापस लेने के लिए बनाए जा रहे दबाव की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी अधिकारी या प्रबंधन दोषी पाए जाएं उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke