खबर लहरिया क्राइम बुलंदशहर हिंसा मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता भी हिरासत में

बुलंदशहर हिंसा मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता भी हिरासत में

साभार: ट्विट्टर

बुलंदशहर हिंसा मामले के दौरान हुई इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी के रूप में बजरंग दल के कार्यकर्ता योगेश राज को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि बुलंदशहर में हुई इस हिंसात्मक घटना के बाद से आरोपी लगभग एक महीने से फरार था। जिसे पुलिस ने देर रात बुलंदशहर के एक कॉलेज में पकड़ा है।

बजरंग दल में ज़िला संयोजक के रूप में काम कर रहे योगेश राज ने कबूला है कि वे उस घटना के दौरान भीड़ का हिस्सा था और उन्होंने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह पर पत्थर से वार भी किये थे। जबकि पिछले महीने आये विडियो में राज ने इस घटना पर अपनी मौजदगी से साफ़ इनकार किया था। और साथ ही में ये भी कहा था कि “लोग तो मुझे ऐसे दिखा रहे हैं जैसे मानो मैं एक पुर्वप्रधी रह चूका हूँ”।

“योगेश राज को गिरफ्तार कर लिया गया है”। सर्किल ऑफिसर, सियाना राघवेन्द्र कुमार मिश्रा ने गुरुवार सुबह बताया कि उनका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है और बाद में उन्हें कानूनी कार्यवाही के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

सियाना पुलिस थाना में काम कर रहे अधिकारी सुबोध कुमार सिंह और एक स्थानीय युवक सुमित कुमार की हत्या, 3 दिसम्बर को बुलंदशहर में हुए हिंसा मामले में हो गई थी। उस भीड़ द्वारा विरोध प्रदर्शन गोकशी के मामले को लेकर दिखाया गया था।

राज ने अपने सहयोगियों के साथ एक ऍफ़आईआर दर्ज करते हुए कहा था कि उन्होंने “सात लोगों को गायों को मारते हुए देखा” जब वे खेतों में घूम रहे थे। सियाना पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 295 के तहत नाबालिगों सहित सात लोगों के खिलाफ ऍफ़आईआर दर्ज की गई थी।

योगेश राज की गिरफतारी के साथ, इस मामले में अब 31 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पिछले हफ्ते पुलिस ने आरोपी कलुआ को गिरफ्तार किया था, जिस पर सुबोध कुमार सिंह पर कुल्हाड़ी से वार करने का आरोप था। इस हथियार को बाद में पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया था। दिल्ली में काम कर रहे टैक्सी चालक, प्रशांत नट को भी, सुबोध कुमार सिंह पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।