खबर लहरिया Hindi Bihar Flood : बिहार में बाढ़ से कई जिले प्रभावित

Bihar Flood : बिहार में बाढ़ से कई जिले प्रभावित

बिहार में 11 अगस्त 2025 को आई भारी बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ है। गंगा, कोशी और गंडक जैसी नदियों का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के लगभग 17 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

Bihar Flood

बिहार में बाढ़ की तस्वीर (फोटो साभार: सोशल मीडिया)

बिहार के इन जिलों में बाढ़

एबीपी न्यूज़ एंजेसी की 11 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार इस संबंध में एक अधिकारी ने ये बताया कि, “भोजपुर, पटना, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, सारण, मुंगेर, खगड़िया, सुपौल और बेगूसराय सहित विभिन्न जिलों में लगातार बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं।” राहत और बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की कुल 32 टीमों को लगाया गया है।

बिहार में इन नदियों का जल स्तर बढ़ा

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने एक बयान में कहा, “पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के चलते गंगा, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और घाघरा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। यह नदियां भोजपुर, पटना, भागलपुर, वैशाली, लखीसराय, सारण, मुंगेर, खगड़िया, सुपौल और बेगूसराय जिलों के कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।”

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि राज्य में 10 जिलों के 1,144 गांवों के 17,62,374 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वहां पर बचाव कार्य के लिए करीब 1,160 नाव लगाई गई हैं।

भागलपुर में बाढ़

बिहार के भागलपुर जिले के कई गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। भागलपुर तिलका मांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर में सैदपुर दुर्गा मंदिर भी बाढ़ के पानी से डूब गया है।

भागलपुर इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध क्षतिग्रस्त

एएनआई न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए भागलपुर के अंचल अधिकारी रौशन कुमार ने कहा “आज 11 अगस्त है, दोपहर करीब दो बजे इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध के स्पर संख्या 7 और 8 के बीच दरार आने पर हम मौके पर पहुँचे। इसके बाद प्रशासन, डीडीसी भागलपुर और नौगछिया एसडीओ के साथ पूरी पुलिस फोर्स भी यहाँ आई और उन्होंने भी देखा कि धीरे-धीरे बाँध टूट रहा है। लोगों को वहाँ से निकाला गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मरम्मत कार्य जारी है… हम शौचालय, साफ़-सफ़ाई और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएँ मुहैया कराएँगे…”

बेगूसराय में बाढ़

बेगूसराय में भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है जिसके चलते लोगों का रहना खाना मुश्किल हो रहा है। इसी को देखते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन की ओर 83 जगह पर सामुदायिक किचन की व्यवस्था की गई है। 11 अगस्त को देर रात खोरमपुर गांव में सैकड़ों लोगों को पंक्ति में बैठा कर खिचड़ी-चोखा का भोजन कराया गया।

कहलगांव में बाढ़

बिहार में कहलगांव के पास, गंगा और कोशी नदी के संगम के पास, गंगा अपने उच्चतम बाढ़ स्तर (32.76 मीटर) के करीब बह रही है। गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 1.67 मीटर ऊपर है। सोशल मीडिया X पर पोस्ट किये गए वीडियो में आप बाढ़ के हालात देख सकते हैं।

बिहार में बारिश को लेकर चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग पटना ने 12 अगस्त से लेकर 18 अगस्त तक भारी वर्षा, बादल गर्जन और बिजली चमकने की सम्भावना जताई है।

फोटो साभार: मौसम विभाग पटना

बिहार में बाढ़ की यह स्थिति हर साल एक विकराल रूप लेकर आती है। ये बाढ़ का पानी कइयों को बेघर कर देता है, कई की जान भी चली जाती है तो कई के जानवर मवेशी भी इस बाढ़ में बह जाते हैं। कई परिवार कई दिनों तक अपनी छतों पर खाने पीने की व्यवस्था करते हैं। चारों तरफ बाढ़ का पानी आने से लोगों को आने जाने में भी काफी दिक्कत होती है।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke