खबर लहरिया Blog Barabanki, Unnao: होली के बाद का मंजर, दो पक्षों में मची झड़प जाने पूरा विवाद 

Barabanki, Unnao: होली के बाद का मंजर, दो पक्षों में मची झड़प जाने पूरा विवाद 

                                            

होली के दिन यानी 4 मार्च 2026 को रंग खेलने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। उन्नाव जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में भी दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। इस झड़प में कुछ लोग घायल भी हुए हैं।  

फोटो साभार: दैनिक भास्कर

होली को आमतौर पर रंगो और आपसी मेल-मिलाप का त्योहार माना जाता है। कहा जाता है कि इस दिन लोग पुरानी दुश्मनी भूलकर एक दूसरे को गले लगाते हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में त्योहार के दौरान हिंसा और विवाद की खबरें भी सामने आने लगी हैं। हरसाल होली के आसपास कहीं न कहीं छेड़छाड़, मारपीट, शराब और जुए से जुड़ी घटनाएँ सामने आती है। कई बार ये विवाद इतने बढ़ जाते हैं कि लोगों की जान तक चली जाती है। इस बार भी उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और उन्नाव से ऐसी ही घटनाएँ आमने आई है। 

बाराबंकी में रंग खेलने को लेकर हिंसक झड़प 

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव में होली के दिन यानी 4 मार्च 2026 को रंग खेलने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। 

पीटीआई के रिपोर्ट के अनुसार हिंसक झड़प के दौरन आसपास के लोगों के मुताबिक करीब दस मिनट तक दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे और लोहे की रॉड लेकर एक दूसरे पर हमला करते रहे। 

घर में घुसकर हमला करने का आरोप 

घटना में घायल अवधेश ने आरोप लगाया है कि जब उनके घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था तब दूसरे पक्ष के लोग घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। यह भी आरोप लगाया गया है कि जब वे और अन्य लोग बचाव के लिए पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया और कुछ लोगों ने उन्हें पकड़कर चाकू से वार किया। 

मारपीट की इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है,जिसमें गांव में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीटीआई के रिपोर्ट के अनुसार देवा थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की है।

उन्नाव में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट

वहीं उन्नाव जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में भी दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। यह विवाद अचली खेड़ा और भवानी खेड़ा गांव के दो परिवारों के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से ही तनाव था और किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मामला हिंसा में बदल गया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले जिसमें कुल 8 लोग घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल भेजा गया

पहले पक्ष से सुशील, मुन्नू लाल और मनीष घायल हुए जबकि दूसरे पक्ष से ओम प्रकाश (पुत्र छोटा), बिमला, ओम प्रकाश, राम औतार, रीता (पत्नी सुरेश), नीलम और अजय कुमार को चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद को शांत कराया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए उन्नाव जिला अस्पताल भेजा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस झड़प में ज्यादातर लोगों को सामान्य चोटें आई हैं जबकि कुछ को निगरानी में रखा गया है।

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें
If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *