खबर लहरिया Blog Atishi is Delhi’s New CM: आतिशी बनी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, जानें कौन है आतिशी, इनका जीवन व राजनीतिक सफर

Atishi is Delhi’s New CM: आतिशी बनी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, जानें कौन है आतिशी, इनका जीवन व राजनीतिक सफर

दिल्ली के अगले सीएम के रूप में नाम घोषित होने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, “दिल्ली में केवल एक ही मुख्यमंत्री है और वह हैं अरविंद केजरीवाल… मैं केजरीवाल को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में वापस लाने के लक्ष्य की दिशा में अगले कुछ महीनों तक काम करूंगी।”

Atishi is Delhi New Chief Minister, know about her life and political journey

                                                                दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी की तस्वीर ( फोटो साभार – सोशल मीडिया)

Atishi is Delhi’s New CM: आतिशी (Atishi) होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री। यह निर्णय आज सुबह अरविन्द केजरीवाल की अध्यक्षता में उनके दिल्ली आवास पर विधायक दाल की बैठक के बाद आया, जिसमें आतिशी का नाम प्रस्तावित किया गया था।

जानकारी के अनुसार, केजरीवाल आज अपना इस्तीफ़ा दे देंगे और वह शाम 4.30 बजे उपराज्यपाल वीके सक्सेना ( Lieutenant Governor VK Saxena) से भी मिलेंगे।

दिल्ली के अगले सीएम के रूप में नाम घोषित होने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, “दिल्ली में केवल एक ही मुख्यमंत्री है और वह हैं अरविंद केजरीवाल… मैं केजरीवाल को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में वापस लाने के लक्ष्य की दिशा में अगले कुछ महीनों तक काम करूंगी।”

आगे कहा कि उनका लक्ष्य अगले विधानसभा चुनाव में आप प्रमुख को शीर्ष पद पर फिर से निर्वाचित कराना है।

बता दें, शीला दीक्षित (Sheila Dikshit) और सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj)के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी।

न्यूज़18 की रिपोर्ट के अनुसार,आप नेता गोपाल राय (Gopal Rai) ने बताया कि आतिशी को दो प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सबसे पहले, उन्हें दिल्ली के लोगों की सेवा करते रहनी है चाहें भाजपा का उन पर कितना भी दबाव पड़े।

दूसरा, अगर बीजेपी का लक्ष्य अरविंद केजरीवाल की सरकार द्वारा किए गए सकारात्मक कार्यों को पलटना है, तो वह बीजेपी की उपलब्धियों को कमजोर करने के प्रयासों को उजागर करते हुए आप पार्टी की उपलब्धियों की रक्षा करने का काम करेंगी।

इण्डिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले छह महीनों से आतिशी दिल्ली सरकार का चेहरा रही हैं। खासकर उस दौरान जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दोनों जेल में बंद थे।

आतिशी का राजनीतिक सफर

आतिशी का राजनीतिक सफर जनवरी 2013 में शुरू हुआ जब वह आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुईं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने नीति निर्माण में प्रभावशाली भूमिका निभाई, खासतौर से भारत में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान।

जानकारी के अनुसार, उनकी सक्रियता को 2015 में मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में जल सत्याग्रह ( Jal Satyagraha in Khandwa district) के दौरान प्रमुखता मिली, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन और उसके बाद की कानूनी चुनौतियों के दौरान आप पार्टी के नेता आलोक अग्रवाल का समर्थन किया।

2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान, आतिशी को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पूर्वी दिल्ली का प्रभारी नियुक्त किया गया था। उस दौरान वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गौतम गंभीर से 4.77 लाख वोटों के अंतर से हार गईं थीं।

2020 के दिल्ली विधान सभा चुनाव के दौरान, आतिशी ने दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। उन्होंने इस बार बीजेपी उम्मीदवार धर्मबीर सिंह को 11,422 वोटों से हरा दिया।
बाद में, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन के इस्तीफे के बाद उन्हें सौरभ भारद्वाज के साथ दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया।

2022-23 की अवधि में, उन्होंने लोक लेखा समिति के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। इसके साथ ही वह कई अन्य समितियों में शामिल रहीं, जिनमें महिला एवं बाल कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और शिक्षा पर केंद्रित समितियां शामिल थीं।

आतिशी के जन्म व शिक्षा के बारे में

आतिशी का जन्म 8 जून 1981 को दिल्ली में हुआ था। माता-पिता, विजय सिंह और तृप्ता वाही, दोनों ही दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे हैं।

बिज़नेस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार,आतिशी अपने मध्य नाम ‘मार्लेना’ (Marlena) की वजह से काफी लोकप्रिय रही हैं,जो मार्क्स और लेनिन ( Marx and Lenin) नामों का मिश्रण है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कहा गया कि यह मध्य नाम कहीं न कहीं उनके वैचारिक जड़ों को प्रतिबिंब करता है।

साल 2018 में उन्होंने परिवार से जुड़ा हुआ अपना मध्य नाम हटाकर सार्वजनिक तौर पर अपना नाम आतिशी कर लिया।

उनकी शिक्षा की बात की जाए तो उनकी पढ़ाई दिल्ली से ही शुरू हुई। उन्होंने स्प्रिंगडेल्स स्कूल, जोकि पूसा रोड पर है, वहां से हाई स्कूल की शिक्षा पूरी की। 2001 में उन्होंने प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज (St. Stephen’s College) से इतिहास में स्नातक की डिग्री हासिल की।

उन्होंने ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय में अपनी शिक्षा को आगे बढ़ाया, 2003 में शेवेनिंग छात्रवृत्ति (Chevening scholarship) के ज़रिये इतिहास में मास्टर डिग्री हासिल की। इसके बाद साल 2005 में रोड्स स्कॉलर (Rhodes scholar) के रूप में मैग्डलेन कॉलेज में अपना समय बिताया।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते हैतो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *