खबर लहरिया खेती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम खुला खत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम खुला खत

सेवा में

श्रीमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी मैं चित्रकूट जिला के कर्वी ब्लाक रसिन गांव का रहने वाला एक छोटा किसान हूँ। मैं आप से पूछना चाहता हूँ, कि आपने गौ रक्षा की बात कहीं थी। साथ ही में उसके बाद आपने गौशाला खोलने को भी कहा था, पर ना तो गौरक्षा हो पाई ना ही गौशाला बन पाये हैं।

गौशाला ना होने से दो साल से किसान इतना परेशान है, कि हम बता भी नहीं सकते हैं। चित्रकूट जिला के लगभग 5 लाख किसान अन्ना जानवरों के कारण अपनी खेती नहीं कर पा रहे हैं। इस समस्या से सबसे ज्यादा गरीब और छोटे किसान परेशान हैं। भगवान पानी भी नहीं बरसता है। जिनके पास सिंचाई की सुविधा है, वह भी खेती नहीं कर पा रहा है। क्योंकि अन्ना जानवर हम किसानों की सारी फसल खा जाते है।

इस समय रबी की फसल की बोआई का समय है, पर जिले के 70% किसानों ने खेतों में बोआई नहीं की है। अब आप बताइए योगी जी की यह 70% किसान कैसे अपना और अपने देश का पेट भरेंगें? कहने को हमारा देश कृषि प्रधान देश है, पर यहाँ के कृषकों की हालत क्या है? वह कोई नहीं देखता।

योगी जी आप इस अन्ना प्रथा को जल्द से जल्द बंद करवा दीजिये, नहीं तो किसान बे मौत मर जायेगा। क्या आप बुन्देलखण्ड के चित्रकूट जिला के किसानों की समस्या नहीं सुनतें या देखते? क्या आप अपनी बात केवल भाषण तक सीमित रखते हैं? कभी खत्म करवा पायेंगें अन्ना जानवरों की समस्या? या किसान ऐसे ही जूझते और मरते रहेंगे?