खबर लहरिया ताजा खबरें अज्ञात पुरुषों द्वारा आग लगाने के कारण आगरा की रहने वाली लड़की ने तोड़ा दम

अज्ञात पुरुषों द्वारा आग लगाने के कारण आगरा की रहने वाली लड़की ने तोड़ा दम

साभार: इन्स्टाग्राम

शनिवार 22 दिसम्बर को आग लगने के कारण दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में एक 15 साल की लड़की ने दम तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि आगरा की रहने वाली इस लड़की को अज्ञात पुरुषों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया था। जिस कारण घटना के दो दिन बाद ही बच्ची की मृत्यु हो गई, ऐसा पीटीआई द्वारा बताया गया है।

पुलिस ने बताया कि कक्षा 10 की छात्रा संजली चाणक्य पर मंगलवार को दो अज्ञात लोगों ने हमला किया। इस हमले में लड़की पर पहले पेट्रोल डाला गया और फिर उसे लाइटर की मदद से आग के हवाले कर दिया गया था।

सफदरजंग अस्पताल के एक डॉक्टर का कहना है कि लड़की का शरीर लगभग 55 प्रतिशित जल गया था। उनका ये भी कहना है कि इस घटना की वजह से लड़की का वायुमार्ग भी जल गया था जिस कारण उसे सांस लेने में भी काफी दिक्कत हो रही थी।

डॉक्टरों के अनुसार उसे वेंटीलेटर पर भी रखा गया, लेकिन पूरी तरह से ठीक न हो पाने के कारण उसकी देर रात 1:30 बजे मृत्यु हो गई थी।

पुलिस ने कहा कि लड़की को शुरुआत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया।

हालाँकि, पुलिस और लड़की के परिवार दोनों का मानना है कि इस घटना का उसके दलित होने से कोई संबंध नहीं था।