खबर लहरिया Blog Agra: जगदीशपुरा में मंदिर के अंदर 5 साल की बच्ची के साथ बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

Agra: जगदीशपुरा में मंदिर के अंदर 5 साल की बच्ची के साथ बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

आगरा के जगदीशपुरा इलाके में एक मंदिर के अंदर एक व्यक्ति ने पांच साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Symbolic picture

Image Credit: Srishti Sharma/Feminism in India

लेखन- रचना

उत्तर प्रदेश के आगरा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 5 साल की मासूम लड़की  के साथ एक शख्स ने मंदिर में बलात्कार की घटना को अंजाम दिया है। इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी में ये भी आया है कि पहले पुलिस ने युवक को मानसिक रूप से बीमार बताकार छोड़ दिया था, फिर जब वीडियो वायरल हुआ तब आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उधर घटना के बाद से लड़की सदमे में है। निराशाजनक बात है कि शिक्षा की मंदिर (स्कूल) या सड़क, अस्पताल में बलात्कार या छेड़छाड़ की खबरें मानो अब आम बात सी बन गई हैं लेकिन कुछ लोगों में इतनी हैवानियत भर गई है कि मंदिर जैसे जगहों में भी लड़कियां अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती। समाज और कानून का डर तो छोड़ ही दो लेकिन कुछ लोगों ने अब उनसे भी डरना बंद कर दिया है जिन्हें वे पूजते हैं और अगर यहीं धर्म की बात आ गई तो वही इंसान भगवान और धर्म के नाम पर दंगों में शामिल दिखाई देंगे। 

पूरी घटना 18 मई की है 

दरअसल घटना 18 मई 2025 थाना जगदीशपुरा क्षेत्र आगरा की है। पांच साल की लड़की अपने घर के पास बने एक मंदिर में खेल रही थी। तभी वहां पड़ोस का ही एक युवक ‘पवित्र’ जो आरोपी 21 वर्ष है, ने बच्ची को अपने पास बुलाया और उसे बहला – फुसला कर अपने साथ पास के मंदिर में ले गया। आरोपी लड़की को मंदिर के अंदर ले जाकर लड़की का बलात्कार किया।इस दौरान मासूम चीखने लगी तो आरोपी ने उसका मुंह दबाकर बंद किया। बताया जा रहा है कि बच्ची की आवाज जब उसकी दादी के कानों तक पहुंची तो वह दौड़कर मंदिर में गई।आरोपी ने जब दादी को मंदिर में आते देखा तो उन्हें धक्का देकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन दादी के हल्ला-गुल्ला मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए थे, जिन्होंने फौरन ही आरोपी को पकड़ लिया। स्थानीय निवासियों ने आरोपी पवित्र को पकड़ने के बाद उसकी पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई असलियत, फिर हुई गिरफ्तारी 

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के पता चलने के बाद 18 मई को परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने आरोपी को मानसिक रूप से अस्थिर बताया और उसे जाने दिया। 26 मई को इस घटना का सीसीटीवी कैमरे में कैद विडियो वायरल हुआ जिसे देख कर हर कोई सहम गया। विडियो सामने आने के बाद आरोपी युवक को 28 मई को फिर से हिरासत में ले लिया गया और परिजनों के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने लड़की का मेडिकल टेस्ट भी कराया है, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है।

 राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के बयान

 दैनिक भास्कर के खबर के अनुसार, बबिता चौहान लड़की के परिजनों से बात की और घटना स्थल पर भी पहुंची, और उसके बाद वे थाना जगदीशपुरा पहुंची और वहां चल रही कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लड़की के साथ दुष्कर्म की घटनाएँ अति संवेदनशील है। उन्होंने यह भी कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट (फास्ट  ट्रैक कोर्ट विशेष रूप से गंभीर आरोप के मामलों की सुनवाई के लिए स्थापित विशेष अदलत है जिसमें शीघ्र न्याय सुनिश्चित करना और मामलों के निपटान में तेजी लाना है) में केस चलेगा। उन्होंने आगे कहा कि युवक को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है, जिससे मैं सहमत नहीं हूं। परिवार समझौता करवाना चाहता था लेकिन हमने काउंसिलिंग के बाद परिवार को कार्यवाही के लिए मनाया है और इसकी कार्यवाही 15 दिन के अंतर्गत में होगी। 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke