असम में करीब 85.04% मतदान हुआ है जो राज्य के इतिहास में सबसे ज्यादा है। इस चुनाव में महिलाओं की संख्या भी ज़्यादा देखने को मिली है।
असम, केरलम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग पूरा हुआ। चुनाव आयोग के शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार असम में करीब 85.04% मतदान हुआ है जो राज्य के इतिहास में सबसे ज्यादा है। इस चुनाव में महिलाओं की संख्या भी ज़्यादा देखने को मिली है।
केरल में 78.38% मतदान हुआ है जो पिछले कई सालों में दूसरी सबसे ज्यादा है और पुडुचेरी में 89.08% मतदान दर्ज किया गया।
इन चुनावों में असम की 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार, केरल की 140 सीटों पर 890 उम्मीदवार और पुडुचेरी की 30 सीटों पर 294 उम्मीदवार मैदान में हैं। अब सभी की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है जिसके नतीजों का इंतजार है। बता दें मतदान का रिज़ल्ट 4 मई 2026 को रिजल्ट आएगा।
हालांकि वोटिंग के दौरान कुछ जगहों पर तनाव भी देखने को मिला। असम में चुनावी झड़पों में करीब 30 लोग घायल हुए और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। असम के श्रीभूमि जिले के पथरकंडी इलाके में सबसे बड़ा विवाद देखने को मिला। यहां एक बूथ पर कांग्रेस उम्मीदवार के पहुंचने के बाद ईवीएम मशीन को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प हो गई जिसमें करीब 25 लोग घायल हो गए।
वहीं पुडुचेरी के एक पोलिंग बूथ पर भी समर्थकों के बीच विवाद हुआ जहां पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। दूसरी ओर कई बड़े नेताओं ने भी मतदान किया असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा और केरल के वरिष्ठ नेता ए. के. एंटनी ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में वोट डाला।
असम की बात करें तो पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार वोटिंग में बढ़ोतरी देखने को मिली है। साल 2021 के विधानसभा चुनाव में यहां करीब 82.42% मतदान हुआ था जबकि 2016 में यह आंकड़ा 84.67% तक पहुंचा था जो उस समय का सबसे ज्यादा था। इस बार इन पुराने रिकॉर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया गया है।
वहीं केरल में भी वोटिंग में हल्की बढ़त दर्ज हुई है। 2021 के चुनाव में यहां करीब 76% मतदान हुआ था और इस बार इसमें थोड़ा इजाफा हुआ है। दूसरी ओर पुडुचेरी में भी लोगों ने पहले के मुकाबले ज्यादा उत्साह दिखाया। 2021 में यहां 83.42% वोटिंग हुई थी जबकि 2011 में सबसे ज्यादा 86.19% मतदान दर्ज किया गया था। इस बार भी वोटिंग का आंकड़ा ऊंचा रहा है जो लोगों की बढ़ती भागीदारी को दिखाता है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

