खबर लहरिया ताजा खबरें महिला कार्यकर्त्ताओं पर हमला करने वाला गिरफ्तार

महिला कार्यकर्त्ताओं पर हमला करने वाला गिरफ्तार

protest

जिलाललितपुर, उत्तरप्रदेश। यहां के मडावरा ब्लाक के दिगवार गांव में सहजनी शिक्षा केंद्र की पांच कार्यकर्त्ताओं के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने वाले साहब सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। ललितपुर में 16 मई 2013 को घंटा घर में स्थानीय महिलाओं और कार्यकर्त्ताओं द्वारा घटना के विरोध में किये गए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 19 मई रात आठ बजे साहब सिंह की गिरफ्तारी की।
दिगवार गांव में सहजनी कार्यकर्ताओं के साथ गांव के दबंग साहब सिंह यादव ने मारपीट और अभद्र व्यवहार किया था। उसने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। संस्था की मीना और कुसुम गभीर रूप से घायल हैं। साहब सिंह यादव को अभी भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पायी है। 12 मई 2013 को ललितपुर जिला के मडावरा ब्लॉक के दिगवार गांव में महिला प्रौढ़ साक्षरता  केंद्र  शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी। तभी गांव के ही दबंग साहब सिंह यादव ने सहजनी की 5 महिला कार्यकताओं को गालियां दीं और उन पर लाठी से हमला किया। ये सभी दलित और अन्य पिछड़े समुदाय से हैं। साहब सिंह यादव ने इन महिलाओं को जाति सूचक गालियां देने के साथ अश्लील भाषा का प्रयोग भी  किया।
मामले की एफ.आइ.आर. और मेडिकल रिपोर्ट दर्ज कराई गई और जिला प्रशासन से तुरंत कार्यवाही की मांग की गई। सहजनी की जिला समन्वयक मीना के सिर पर 7 टांके लगे। उनका कहना है कि एफ.आइ.आर. में दर्ज भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504, 506 बहुत कमजोर हैं। सहजनी शिक्षा केंद्र शुरू करने वाली दिल्ली की संस्था निरंतर की निदेशक अर्चना द्विवेदी ने बताया कि दलित और आदिवासी समुदायों के लिए संघर्षरत और सक्रिय महिला कार्यकर्ता, खासकर जो खुद इन समुदायों से हैं, उनके ऊपर जाति और जेंडर आधारित हिंसा का खतरा बना रहता है। विरोध प्रदर्शन में 400 से ज्यादा स्थानीय महिलाओं और कार्यकर्त्ताओं ने भाग लिया था। धरने के बाद सहजनी और निरंतर संस्था ने साहब सिंह की गिरफ्तारी और जिले की कार्यकर्ताओं की सुरक्षा की मांग को लेकर डी.एम. ओ.पी. वर्मा और एस.पी. को ज्ञापन  सौंपा था।