खबर लहरिया ताजा खबरें नाबालिग का सामूहिक बलात्कार और हत्या

नाबालिग का सामूहिक बलात्कार और हत्या

जिला रोहतास, राज्य बिहार। यहां सासाराम के राजपुर बाज़ार में 21 जुलाई को बारह साल की लड़की के सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला सामने आया। घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाया है। लड़की की लाश बुरी हालत में राजपुर पुलिस थाने के पास पाई गई। सासाराम के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया और पुलिस की गाडि़यों पर भी हमला हुआ।
शनिवार को जब लड़की घर नहीं लौटी तो उसके परिवार वालों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज की लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई। रविवार सुबह लड़की की लाश मिली। लड़की की दोनों आंखें निकाल दी गईं थीं। लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गुस्सा भर गया है खासकर क्योंकि ये घटना स्कूल जाने वाली लड़की के साथ हुई है। लोगों की भीड़ ने बाज़ार की दुकानें बंद करवा दीं और राजपुर चैक पर एक पुलिस जीप को आग लगा दी। चैक पर घंटों तक चक्का जाम भी किया गया।
मौके पर पहुंचे एस.पी. अभय कुमार लाल ने भीड़ को समझाने की कोशिश की और कहा कि अपराधियों को ढूंढने की पूरी कोशिश की जा रही है। अब तक मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है। 22 जुलाई को भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने धरना दिया और दोषियों की गिरफ्तारी और लड़की के परिवार के लिए मुआवज़े की मांग की।