खबर लहरिया खेल एशियाई खेलों में भारत लगातार बढ़ रहा आगे, भारत को मिले अब तक 12 गोल्ड

एशियाई खेलों में भारत लगातार बढ़ रहा आगे, भारत को मिले अब तक 12 गोल्ड

साभार: फेसबुक

18वें एशियाई खेलों में भारतीय धावक जिनसन जॉनसन ने 1500 मीटर दौड़ में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया है। ये भारत का एशियन गेम्स 2018 में 12वां गोल्ड मेडल है। इससे पहले जिनसन जॉनसन ने 800 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल भी जीता था जहां वो अपने हमवतन धावक मनजीत सिंह से पीछे रहे थे।

वहीं, भारत की चार गुणा 400 मीटर महिला रिले टीम ने एशियाई खेलों की इस स्पर्धा में अपने दबदबे को कायम रखते हुए लगातार पांचवां स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। हिमा दास, एमआर पूवम्मा, सरिताबेन गायकवाड़ और विस्मया वेलुवा कोरोथ की भारतीय महिला चौकड़ी ने तीन मिनट और 28.72 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता।

जबकि खेलों का 11वां दिन भारत के लिए जबरदस्त रहा था। ट्रैक ऐंड फील्ड इवेंट(मैदान वाली प्रतियोगिता) में भारत ने एक के बाद एक लगातार 2 गोल्ड मेडल जीते।

पहला गोल्ड पंजाब के ऐथलीट अरपिंदर सिंह ने ट्रिपल जंप में जीता। इसके बाद महिला हेप्टैथलॉन में स्वप्ना बर्मन ने कमाल का प्रदर्शन करते देश को 11वां गोल्ड मेडल दिला दिया।

रिक्शाचालक की बेटी स्वप्ना बर्मन ने हेप्टाथलन स्पर्धा में जब सोना जीता तो पूरे देश का सिर अपनी इस बेटी के प्रदर्शन से गर्व से ऊंचा हो गया। वह इस स्पर्धा में सोना जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं।