खबर लहरिया मनोरंजन एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी

एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी

mनिर्देशन: नीरज पांडे
सितारे: सुशांत सिंह राजपूत, अनुपम खेर

फिल्म की कहानी रांची शहर से शुरू होती है जहां पान सिंह धोनी (अनुपम खेर) के घर महेंद्र सिंह धोनी उर्फ माही (सुशांत सिंह राजपूत) का जन्म होता है और फिर स्कूल के दौरान उसे क्रिकेट खेलने का बड़ा शौक लग जाता है, लेकिन घर वालों की इच्छा है कि‍ माही की रेलवे में सरकारी नौकरी लग जाए। ऐसा होता भी है, टिकट कलेक्टर की नौकरी करते हुए माही के पास क्रिकेट टीम में सेलेक्शन का ऑफर भी आता है और उस पल माही क्रिकेट खेलना ही चुनता है। फिर रांची से दिल्ली का सफर, उसके बाद माही की ज़िन्दगी में गर्लफ्रेंड प्रियंका झा (दिशा पटानी) की एंट्री होती है, फिर कहानी में कई ट्विस्ट आते हैं और फिर साक्षी (कियारा आडवाणी) के संग शादी से लेकर 2011 के वर्ल्ड कप जीतने के साथ तक फिल्म की कहानी का अंत हो जाता है।
सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी के किरदार के लिए काफी मेहनत की है, यह उनका अब तक का बेहतरीन रोल कहा जा सकता है। यह एक ऐसी कहानी है जिससे किसी भी वर्ग के लोग खुद को जोड़ पाएंगे। धोनी का नाम बड़ा होने के पीछे की घटनाओं को सहज तरीके से पर्दे पर दर्शाया गया है बस फिल्म थोड़ी लम्बी है बाकी यदि आप धोनी और सुशांत के प्रशंसक हैं तो यह फ़िल्म जरुर देखें।

रिपोर्ट- खबर लहरिया ब्यूरों