खबर लहरिया खेल आस्ट्रेलियन हॉकी लीग में भारत की तरफ से खेलेंगी लखनऊ की मुमताज़

आस्ट्रेलियन हॉकी लीग में भारत की तरफ से खेलेंगी लखनऊ की मुमताज़

फोटो साभार: फेसबुक/ ऑस्ट्रलियन हॉकी लीग

लखनऊ, सदर में सब्जी विक्रेता हफीज खान के लिए उनकी बेटी मुमताज ने एक करिश्मा कर दिखाया है जिसकी वजह से उन्हें नाज है।
दरअसल, मुमताज 28 सितम्बर से शुरू हो रही आस्ट्रेलियन हॉकी लीग में भारत की तरफ से खेलती नजर आएगी।
हॉकी इण्डिया ने आस्ट्रेलियन लीग के लिए जो टीम घोषित की है उसमें मुमताज के अलावा गोरखपुर की प्रीति दुबे भी शामिल हैं। प्रीति टीम की कप्तान बनाई गई हैं।
हफीज चार साल पहले वह अपनी बेटी को लेकर स्टेडियम गए। वहां हॉस्टल का ट्रायल दिलाया। उसका चयन हो गया। यहां नीलम सिद्दीकी से ट्रेनिंग पाकर  मुमताज ने सब जूनियर, जूनियर स्कूल नेशनल चैंपियनशिप खेली।
मुमताज के लिए सबसे बड़ा सपना पिछले साल दिसम्बर में पूरा हुआ। जब बैंकाक में हुए अण्डर18 एशिया कप में हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम में उसका चयन हुआ। उसने एशिया कप में फारवर्ड की हैसियत से शानदार खेल दिखाया। भारत इसमें चैंपियन बनकर लौटा। तब से वह भारतीय महिला हॉकी के कोर ग्रुप में शामिल हैं।