खबर लहरिया ताजा खबरें वैलेंटाइन डे मनाने पर बजरंग दल ने मचाया हंगामा

वैलेंटाइन डे मनाने पर बजरंग दल ने मचाया हंगामा

लखनऊ के अलग अलग इलाकों में बजरंग दल ने रैलियां निकालीं। लोगों को डराया धमकाया और जबरदस्ती उन्हें दोबारा वैलेंटाइन डे न मनाने का संकल्प लेने को कहा।

फोटो  साभार: डेली मेल

फोटो साभार: डेली मेल

लखनऊ। शहर के अलग अलग पार्कों में बजरंग दल के लोगों ने 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के दिन प्रेमी जोड़ों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की।
करीब एक बजे बेगम हज़रत महल पार्क में बजरंग दल के लोगों ने कई लड़के लड़कियों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की। जबकि स्मृति उपवन में भी इस दल के लोगों ने हंगामा किया। दो बजे हजरतगंज में हनुमान मंदिर के सामने बजरंग दल के लोगों ने सड़क जाम कर दी। महात्मा गांधी मार्ग पर भी घंटों वैलेंटाइन डे के खिलाफ प्रदर्शन चलता रहा।
बजरंग दल के लोग सुबह से ही इंदिरानगर, राजाजी पुरम और आलम बाग से होते हुए हजरतगंज पहुंचे। इन लोगों ने लड़के लड़कियों को पीटा। उन्हें फौरन घर लौटने को कहा। फूलों और उपहारों की दुकानें बंद कराईं। बजरंग दल के लोग नारे लगा रहे थे और कह रहे थे कि यह देश की संस्कृति के खिलाफ है। यह प्यार नहीं अश्लीलता फैलाने का जरिया है। बड़ी बात यह रही कि पुलिस ने इन लोगों पर कोई सख्ती नहीं बरती।