खबर लहरिया ताजा खबरें योगी ने सरकार के 1 साल पूरा होने पर महिलाओं के लिए  बस और युवाओं के लिए नौकरियों के वादे किये….

योगी ने सरकार के 1 साल पूरा होने पर महिलाओं के लिए  बस और युवाओं के लिए नौकरियों के वादे किये….

साभार: ट्विटर

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के आज एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की जनता को कई बड़ी सौगातें देकर सरकार की पहली सालगिरह में उन्हें भी शामिल कर लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की पहली सालगिरह पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता के लिए कई बड़े ऐलान किए।
सरकार इस साल प्रदेश के 64 विभागों में 4 लाख सरकारी नौकरियां देगी। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट(एक जिला, एक उत्पाद) योजना से अगले 3 साल में 20 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने संवाद नामक पोर्टल को लॉन्च किया। यह पोर्टल भ्रष्टाचार के खिलाफ होगा। पोर्टल के जरिए भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई शख्स शिकायत कर सकेगा, सुबूत के तौर पर ऑडियोवीडियो अपलोड भी किया जा सकता है। सरकार इस पोर्टल पर आए शिकायतों पर एक्शन लेगी।
बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए ‘कुपोषण मुक्त गांव’ योजना लागू की गई। जबकि कुपोषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शबरी पोषण मोबाइल ऐप जारी किया गया।
पारंपरिक शिल्प एवं लघु उद्यमों के संरक्षण के लिए ‘एक जनपदएक उत्पाद’ योजना की शुरुआत की गई।
महिलाओं के लिए 50 गुलाबी बसों की सेवा शुरू की जा रही है। 10 बसों में ड्राइवर और कंडक्टर भी महिलाएं ही होंगी। साथ ही, सरकार अहिल्याबाई निःशुल्क शिक्षा योजना के जरिए छात्राओं को स्नातक तक निःशुल्क शिक्षा देगी।
इस बीच, कार्यक्रम में योगी ने खुद को बंदर बताया। उन्होंने कहा कि रामायण में एक बंदर था। जिसने रावण की पूरी लंका जला दी थी। अब एक बंदर मैं हूं जो इस प्रदेश से अपराध और भ्रष्टाचार को पूरी तरह से जलाऐगा। इसलिए कुछ लोगों को बंदर से डर लगता है।