खबर लहरिया खेल विराट कोहली और विश्व चैंपियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू को मिला खेल रत्न

विराट कोहली और विश्व चैंपियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू को मिला खेल रत्न

साभार: ट्विटर

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और विश्व चैंपियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू को आज सबसे प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में इन खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

विश्व के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज विराट कोहली पिछले तीन साल से बेहतरीन तरह से खेल रहे हैं। उन्हें इससे पहले 2016 और 2017 में भी इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। कोहली ने अब तक 71 टेस्ट मैचों में 6147 रन और 211 वनडे में 9779 रन बनाये हैं।

वहीं, चानू को पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में 48 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के कारण इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये चुना गया है। उन्होंने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में भी सोने का तमगा जीता था। लेकिन चोट के कारण एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पायी थीं।

बता दें, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ी पदक और प्रशस्ति पत्र के अलावा 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। अर्जुन, द्रोणाचार्य तथा ध्यानचंद पुरस्कार विजेता को लघुप्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।