खबर लहरिया खेल सुडिरमान कप में भारत ने इंडोनेशिया को 4-1 से हराया

सुडिरमान कप में भारत ने इंडोनेशिया को 4-1 से हराया

साभार:विकिमीडिया कॉमन्स

भारत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुडिरमान कप मिश्रित टीम चैम्पियनशिप में पूर्व चैम्पियन इंडोनेशिया को मात दी है।

भारतीय टीम ने इंडोनेशिया पर धमाकेदार तरीके से जीत दर्ज की और इंडोनेशिया को 4-1 से हराकर सुदिरमन कप मिश्रित टीम बैडमिंटन चैम्पियनशिप के मैच में अपनी दावेदारी बरकरार रखी।

इंडोनेशिया के खिलाफ के श्रीकांत और पी वी सिंधू ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा अश्विनी पोनप्पा ने एस रांकी रेड्डी और एन सिक्की रेड्डी के साथ मिश्रित युगल और महिला युगल मुकाबले में जीत का परचम लहराया।

इस मुकाबले में अश्विनी और रांकी रेड्डी ने मिश्रित युगल में तोंतोवी अहमद और ग्लोरिया एमैन्युअल को 22- 20, 17-21, 21-19 से हराया। वहीं श्रीकांत ने जोनाथन क्रिस्टी को 21-15, 21-16 से मात दी तो ओलिंपिक रजत पदक विजेता सिंधु ने फित्रियानी को 21-9, 21-19 से हराया।

टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में भारत को डेनमार्क से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही डेनमार्क और भारत दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है।