खबर लहरिया जवानी दीवानी ‘लव-गुरु’। एपिसोड 28

‘लव-गुरु’। एपिसोड 28

सवाल:- क्या शादी करना बहुत ज़रूरी होता है? क्या ये काफी नहीं कि दो लोग अपनी मर्ज़ी से साथ में रहें? -प्रिया
जवाब:- प्रिया ये दुनिया है जहां पर कई बार हमें लोगों को सबूत देना होता है। शादी होती है तो कई सारे लोगों को मालूम होता है कि आज दो लोग एक दूजे के हो गए और आगे की ज़िन्दगी के लिए आशिर्वाद भी मिलता है। अगर हमें लगता है कि हम बिना शादी किये एक दूसरे के साथ रह सकते हैं तो ठीक है। यह एक आजाद देश है हम अपनी मर्ज़ी का कर सकते हैं। कई ऐसे देश हैं जहां लोग एक रिश्ते में रहते हैं, बिना शादी किये। अपने लिए नियम और कायदे वो खुद तय करते हैं, न कि देश या समाज का कानून। तो ये आपके हाथ में है कि आप क्या अपनाना चाहेंगी – अपनी ज़िन्दगी, अपना नियम।
सवाल:- मेरा नाम दीपक है। अभी मैं जॉब कर रहा हूं मैं कॉलेज से ही एक लड़की को बहुत चाहता हूं लेकिन मैं कभी उसे कह नहीं पाया। अब जहां मैं जॉब कर रहा हूं वो लड़की भी वहीं जॉब कर रही है उसका कोई बॉयफ्रेंड नहीं है। मुझे कभी ऐसा नहीं लगता कि वो मुझे प्यार या नफरत करती है। मैं प्यार का इज़हार करूं और वो मना कर दे तो?
जवाब:- दीपक आप इतने समय से उनसे प्यार कर रहे हैं एक बार उनको बताकर तो देखिए शायद वो आपको हां कर दे। जब तक आप उनको अपने मन की बात कहेंगे नहीं, उनको मालूम कैसे होगा कि आप उनसे प्यार करते हैं। हो सकता है कि कोई और बात हो या हो सकता है उनको ऐसी चीजें पसंद न हो जब तक आप बात नहीं करेंगे तब तक कैसे मालूम होगा?

31/03/2017 को प्रकाशित