खबर लहरिया औरतें काम पर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2016 के नतीजे घोषित, लड़कियों ने मारी बाजी

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2016 के नतीजे घोषित, लड़कियों ने मारी बाजी

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2016 के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। कर्नाटक की नंदिनी केआर ने टॉप किया है। वहीं अनमोल शेर सिंह बेदी और गोपालकृष्‍ण रोनांकी दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे हैं।

टॉप 10 में तीन महिलाएं हैं। नंदिनी के अलावा सौम्‍या पांडे और श्‍वेता चौहान भी टॉप-10 में रहीं। नतीजों में जनरल कैटेगरी से 500, ओबीसी से 347,एससी से 163 और एसटी से 89 उम्‍मीदवार चुने गए।

यूपीएससी की ओर से 31 मई को नतीजे घोषित किए गए। इसके तहत 1099 उम्‍मीदवारों के नाम सरकारी सेवा के लिए भेजे गए हैं। 220 उम्‍मीदवारों के नाम वेटिंग लिस्‍ट में रखा गया है।

सिविल सेवा उत्‍तीर्ण करने वाले उम्‍मीदवार भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और केंद्रीय सेवा ‘ए व बी’ के लिए चुने जाते हैं।

यह लगातार तीसरा साल है जब महिला उम्‍मीदवार ने यूपीएससी सिविल सेवा टॉप की है। नंदिनी से पहले 2015 में टीना डाबी और 2014 में इरा सिंघल ने टॉप किया था। 2014 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षाओं में तो टॉप-3 में महिलाएं ही रही थीं।