खबर लहरिया बुंदेलखंड महोबा के कबरई ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल में हुआ खेल प्रतियोगिता

महोबा के कबरई ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल में हुआ खेल प्रतियोगिता

महोबा के कबरई ब्लॉक में 6 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2016 तक खेलकूद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 16 विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया।
इस खेल प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्र अरूण ने गोला फेंक, दौड़, ऊंची कूद में और शिव कुमार ने गोला फेंक, ऊंची कूद और दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करके खेल विजेता बन गए। वहीं लड़कियों में सुमन ने 3 हजार मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में खेल का मैदान खिलाड़ियों से भरा हुआ था, तेज धूप भी खिलाड़ियों की खेल के प्रति दीवानगी को कम नहीं कर पाई। आयोजन से पहले छात्रों की होने वाली तैयारी के बारे में अखण्ड इण्टर कॉलेज के अध्यापक धीरेंद्र बताते हैं, “हर विद्यायल में छात्रों की तैयारी खेल प्रशिक्षक और खेल संसाधनों की मदद से साल भर चलती रहती है। पर किसी विद्यालय में अगर खेल का मैदान नहीं है तो वहां थोड़ी परेशानी हो जाती है। हम इसके लिए भी प्रशासन से मदद की मांग कर रहे हैं।”
लड़कियों को खेल प्रतियोगिता में लाने में आने वाली परेशानियों के बारे में वह कहते हैं, “गांवों में रास्ते खराब होने के कारण हम निजी वाहनों से छात्राओं को प्रतियोगिता तक लाते हैं। शाम को सभी छात्राओें को उनके घरों तक पहुंचाना पड़ता है।”
16 विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने ऊंची कूद, भाला फेंक, तवा फेंक और लम्बी दौड़ जैसे खेलों में हिस्सा लिया। अखण्ड इण्टर कॉलेज के अरूण ने भी भाला फेंक, तवा फेंक और लम्बी दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस खेलकूद प्रतियोगिता में लड़कियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भारतीय सेना का हिस्सा बनने का सपना लेकर इस प्रतियोगिता में भाग लेने आई सुमन बताती हैं, “उन्होंने तीन हजार मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वह पिछले साल मिमौरा खेल प्रतियोगिता में भी दूसरा स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।”
खेल प्रतियोगिता के कार्यक्रम के संचालक बताते हैं, “खेल विभाग, खेल प्रशिक्षक और व्यायाम प्रशिक्षक सभी जरूरी साम्रगियों को उपलब्ध कराते हैं। जोनल स्तर की प्रतियोगिता करने के लिए जरूरी सामान हमें विद्यालयों में से ही मिल जाता है।”
तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में छात्र छात्रों का उत्साह देखने लायक था। प्रतियोगिता का समापन 8 अक्टूबर 2016 को हुआ।

रिपोर्टर- सुनीता और सुरेखा  

13/10/2016 को प्रकाशित