खबर लहरिया खेल मनप्रीत कौर ने गोला फेंक में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

मनप्रीत कौर ने गोला फेंक में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

साभार: ट्विटर/दूरदर्शन

भारत की गोला फेंक खिलाड़ी मनप्रीत कौर ने ‘एशियाई ग्रां प्री एथलेटिक्स’ प्रतियोगिता के पहले चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है।
मनप्रीत ने भारतीयों के लिए सत्र की पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 18.86 मीटर गोला फेंका जो कि उनके 2015 में बनाये गए पिछले नेशनल रिकार्ड 17.96 मीटर से लगभग एक मीटर अधिक है।
पंजाब की इस 26 वर्षीय खिलाडी ने 16.69 मीटर से शुरूआत की और तीसरे प्रयास में 18.03 मीटर गोला फेंका लेकिन चौथे प्रयास में उन्होंने नयी दूरी हासिल करके अपने नाम पर स्वर्ण पदक पक्का कर दिया।
महिला गोला फेंक में क्वालीफाई करने के लिये मानक 17.75 मीटर है। भारत ने प्रतियोगिता के पहले दिन सात पदक जीते हैं। जिनमें एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।
बता दें कि मनप्रीत ने साल 2010 में दिल्ली के ‘कामनवेल्थ खेलों’ में हिस्सा लिया था, जिसके बाद उन्होंने खेल से दूरी बना ली थी। इस दौरान उन्होंने 7 साल से उन्हें तालीम दे रहे करमजीत से शादी करके 3 साल बाद एक बच्ची को जन्म दिया। और अब वे दोबारा खेल के मैदान में उतरने को तैयार है, ये बात तो साफ़ है।