खबर लहरिया क्राइम मदद मांगने पर किया लड़कियों से 11 लोगों ने सामूहिक बलात्कार

मदद मांगने पर किया लड़कियों से 11 लोगों ने सामूहिक बलात्कार

झारखंड में दो नाबालिग लड़कियों से गैंगरेप का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की उम्र 18 से 28 साल के बीच है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

झारखंड के लोहरदगा जिले में कथित तौर पर दो नाबालिग लड़कियों से गैंगरेप करने के आरोपी 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक आशीष कुमार महली ने बताया कि इन लोगों को हिरही हर्रा टोली इलाके में एक पुलिस दल द्वारा छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच है। उन्होंने इस वारदात को तब अंजाम दिया जब 16 अगस्त को दोनों लड़कियां अपने एक पड़ोसी के साथ हिरही हर्रा टोली इलाके में जा रही थीं।

इस बारे में डीएसपी ने कहा कि तीनों एक बाइक पर जा रहे थे तभी हिरही रेलवे पुल के पास उनकी बाइक खराब हो गई। लड़कियों में से एक ने फोन पर अपने दोस्त से मदद मांगी लेकिन मदद के बजाए उसने अपने 11 दोस्तों को मौके पर भेज दिया। वे लड़कियों को एक सूनसान जगह पर ले गए, उनके पड़ोसी को मारपीट कर वहां से भगा दिया।

आशीष कुमार महली ने कहा कि इसके बाद उन लोगों ने बारी-बारी से लड़कियों से रेप किया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पीड़ितों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। लड़कियों के बयान के आधार पर सदर पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया।