खबर लहरिया राजनीति भारी बरसात ने मचाई तबाही – बारिश में बहा एक गांव

भारी बरसात ने मचाई तबाही – बारिश में बहा एक गांव

Landslide in Puneपुणे। महाराष्ट्र के पुणे जि़ले के एक आदिवासी गांव मालीण में 30 जुलाई को आए भूस्खलन में तेईस लोगों की मौत हो गई। अभी भी करीब डेढ़ सौ से दो सौ लोग मलबे. में दबे हैं। लगातार खराब मौसम बने रहने के कारण राहत कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। यह हादसा सुबह के करीब तीन बजे हुआ। एक स्थानीय बस ड्राइवर ने इसकी सूचना जि़ला प्रशासन को दी। यहां दो-तीन दिनों से तेज़ बारिश हो रही है। राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल के आईजी संदीप राय राठौर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी सुबह 10.45 बजे मिली। उन्होंने बताया कि यह हादसा लगातार हो रही बारिश के कारण हुआ है।

बादल फटने से छह लोग मरे
उत्तराखंड के टिहरी जि़ले की घनसाली तहसील के नैलचामी नैताड़ गांव में बादल फटने से छह लोगों की मौत हो गई। ये घटना 31 जुलाई सुबह तीन बजे की है। इस इलाके में करीब पांच हज़ार लोग रहते हैं। प्रभावित इलाके में खेती की ज़मीन भी बह गई है, पेयजल व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और बिजली के तार भी टूट गए हैं। बीते दो हफ़्ते से हो रही बारिश के कारण उत्तरारखंड में जगह-जगह सड़कें टूट गई हैं। रास्ते बंद हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों ऐसी ही बारिश होगी।