खबर लहरिया राजनीति भारत की आबादी हुयी 121 करोड़

भारत की आबादी हुयी 121 करोड़

indialargeदिल्ली। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने मंगलवार को जनगणना के आंकड़े जारी किये। इनके अनुसार भारत की जनसंख्या लगभग 121 करोड़ हो गयी है। पिछले दस साल में देश की 18 करोड़ आबादी बढ़ गयी है। पुरुषों की संख्या 62.37 करोड़ और महिलाओं की संख्या 58.64 करोड़ है। हालांकी थोड़ी राहत की बात ये है कि पिछले दस सालों की तुलना में जनसंख्या के बढ़ने की गति में कमी आयी है। 2001 की गणना में आबादी 21.5 प्रतिशत बढ़ी थी जबकि 2011 की गणना में यह 17.7 प्रतिशत बढ़ी है।
इन आकड़ों के अनुसार पुरुषों के मुकाबले औरतों की संख्या में सुधार आया। पिछली जनगणना के अनुसार देश में हर एक हजार पुरुष पर महिलाओं की संख्या 933 थी जो दस साल के बाद 943 हो गयी है। लेकिन 6 साल के बच्चों के मामले में लड़कों के मुकाबले लड़कियों की संख्या में कमी आई है। पिछली गणना में यह 927 था जो अब 914 रह गया है। अब देश की 73 प्रतिशत आबादी साक्षर है। जहाँ 80.9 प्रतिशत पुरुष साक्षर हैं  वहीं साक्षर महिलाओं का प्रतिशत 64.6 है।