खबर लहरिया ताजा खबरें भगवा रंग का नया रूप

भगवा रंग का नया रूप

साभार: न्यूज़अपडेट

लखनऊ के विधानसभा मार्ग पर हज कमेटी का दफ़्तर है। हज आफिस का काम यूपी के लोगों को हज पर भेजने का इंतजाम करना है। इसकी इमारत का रंग हमेशा सफेद रहा है। लेकिन उत्तर प्रदेश को भगवा रंगने की मुहिम के तहत यह हज आफिस भी भगवा रंग में रंग दिया गया है।
यूपी में इसके पहले सीएम योगी आदित्यनाथ का आफिस भी भगवा रंगा जा चुका है। यही नहीं करीब 100 प्राइमरी स्कूल, बहुत सारे थाने आदि भगवा रंग में रंगे जा चुके हैं।
सरकार के इस कदम की मुस्लिम उलेमाओं में तीखी प्रतिक्रिया हुई है। शहर काजी मौलाना अबुल इरफ़ान मियां फिरंगी महली ने कहा किअब यही सुनने को बचा है कि सरकार एक दिन हुक्म जारी करेगी की हाजियों को अब हज भी भगवा वस्त्रों में करना पड़ेगा।
यूपी में योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद सब कुछ भगवा रंग से रंगा जाने लगा है। योगी खुद भगवा वस्त्र पहनते हैं। उनके बैठने के लिए भगवा कुर्सी या सोफा लगाया जाता है। जहां वे बैठते हैं वहां भगवा फूल सजाए जाते हैं। मेज पर उनकी नाम पट्टी भगवा होती है। यही नहीं वे जिस माइक में बोलते हैं वह भी भगवा ही होता है। उनकी भगवा पसंद को देखकर अफसरों ने 100 प्राइमरी स्कूल भगवा रंग में रंगवा दिए।
बता दें कि आलोचनाओं और विपक्षी दलों के साथ मुस्लिम संगठनों के भारी विरोध के बीच सरकार ने हज समिति के कार्यालय की दीवारों पर भगवा रंग के मामले में अपना फैसला बदल लिया है। अब बाउंड्री से भगवा रंग हटाया जा रहा है।
इस बारे में हज समिति कार्यायय के सचिव आरपी सिंह ने सफाई दी है कि बाउंड्री को रंगने के लिए कहा गया था,लेकिन रंग निर्देशों के विपरीत हुआ। जिसके बाद तुरन्त सुधार के निर्देश दिए गए हैं और काम भी शुरू हो गया है।