खबर लहरिया बाँदा बांदा में पुलिस नाकाम

बांदा में पुलिस नाकाम

23-01-14 Kshetriya - Banda Anshan

ब्लाक महुआ, गांव पतरहा, अनशन पर लड़की परिवार

जिला बांदा। बांदा में एक के बाद एक हुए बलात्कार और अपहरण के घटनाओं में न्याय पाने के लिए परिवार दर दर भटक रहे हैं पर घटनाएं रुक नहीं रहीं।
ब्लाक जसपुरा, ग्राम पंचायत सिंधन। यहां बारह साल की लड़की के साथ लगभग पचपन साल के पुजारी कृष्ण कुमार पर बलात्कार करने का आरोप है। लड़की की दादी ने बताया कि 15 जनवरी को मंदिर से निकलते समय उनकी पोती खो गई। कुछ देर बाद रोती हुई लड़की मंदिर में मिली। पैलानी थाने के थानाध्यक्ष अभियन्यु सिंह यादव ने बताया कि कृष्ण कुमार को उस ही दिन गिरफ्तार किया और उस पर बलात्कार का केस चलेगा।
ब्लाक बिसण्डा, गांव बछौंधा। 14 जनवरी को गांव के अहमद और रहीस तमंचे की नोक पर पंद्रह साल की लड़की को उठा ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। अहमद बांदा के सपा जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी का भतीजा है। बिसण्डा थाने के इंस्पेक्टर कुन्दन सिंह यादव ने बताया कि दोनों पर अपहरण और बलात्कार का केस दर्ज है। रहीस को गिरफ्तार कर लिया है पर अहमद फरार है।
ब्लाक बड़ोखर खुर्द, गांव हथौड़ा। 15 जनवरी को सोलह साल की लड़की का मेले जाते समय अपहरण हो गया। अपहरण करने वाला गांव का ही राकेश (पुत्र राम कृपाल) है। जमालपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज है पर गिरफ्तारी नहीं हुई है। लड़की के परिवार को लगातार जान से मारने व मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा है। लड़की अब तक लापता है।

ब्लाक महुआ, गांव पतरहा। यहां की एक चैदह वर्षीय लड़की का अपहरण गांव के जीतू और नेता ने दिसंबर में किया था और मामले में कारवाही करने के लिए लड़की के परिवार ने अनशन भी किया पर आज तक अपहरण करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। एस.पी. ने मामले को झूठा बता दिया है जबकि दोनों आरोपी परिवार को धमकी दे रहे हैं। ब्लाक महुआ, गांव पतरहा, अनशन पर लड़की परिवार

डी.एम. भूपेन्द्र एस चैधरी ने कहा कि जिन मामलों में कार्यवाही नहीं हुई है उनके बारे में एस.पी. से कहा जाएगा। एस.पी. उदय शंकर जयसवाल ने खुद को संवेदनशील बताते हुए कहा कि उनका काम कार्यवाही करना है। कोई केस कार्यवाही से अछूता नहीं रहेगा।