खबर लहरिया ताजा खबरें बदायूं में दो बहनों के साथ बलात्कार फिर हत्या

बदायूं में दो बहनों के साथ बलात्कार फिर हत्या

उत्तर प्रदेश। राज्य के बदायूं जिले में 28 मई को दो बहनों की लाश पेड़ पर लटकी मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मिली जानकारी के अनुसार दोनों से सामूहिक बलात्कार करने के बाद इन्हें फांसी पर पेड़ से टांग दिया गया।
लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह घटना जिले के कटरा सआदतगंज गांव की है। नाराज ग्रामीणों ने आठ घंटे तक मुख्य सड़क को जाम रखा। लोगों ने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौके पर आएं और जांच का आदेश दें। पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने बताया कि उसहैत थाना क्षेत्र के कटरा गांव में 14 और 15 साल की दो चचेरी बहनें रात को शौच करने के लिये गांव के बाहर गयी थीं। दूसरे दिन सुबह एक बगीचे में आम के पेड़ से दोनों लड़कियों के शव लटकते मिले।
दोनों 27 मई रात से ही गायब थीं। परिवार वालों ने गांव के ही एक परिवार के तीन लोगों पर बलात्कार और हत्या का आरोप लगया है। इनमें से एक गिरफ्तार किया जा चुका है। परिवार के लोगों ने थाने के दो सिपाहियों पर भी मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब इन्होंने शिकायत की तो सिपाहियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। दोनों सिपाहियों और चैकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है। एक सिपाही को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।