खबर लहरिया राजनीति फिलिपीन्स में तूफान, दस हज़ार लोग मरे

फिलिपीन्स में तूफान, दस हज़ार लोग मरे

14-11-13 Desh Videsh - Philippinesफिलिपीन्स। फिलिपीन्स देश में 7 नवंबर को एक बड़े तूफान में अब तक दस हज़ार लोगों के मरने की खबर है। साथ ही, छह लाख लोग बेघर हो गए हैं। देश में भारी बारिश के बीच राहत कार्य चल रहा है।
इस तूफान को ‘हयान’ नाम दिया गया है। फिलिपीन्स में ताकलोबान शहर सबसे ज़्यादा प्रभावित है। बाको शहर का अस्सी प्रतिशत हिस्सा पानी में डूबा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘संयुक्त राष्ट्र’ के अनुसार इस तूफान में एक करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। अलग अलग देशों से डाक्टरों की टीम और बेघर लोगों के लिए राशन भेजा जा रहा है।
फिलिपीन्स सरकार राहत कार्य में जुटी हुई है। लोगों के लिए खाने के साथ साथ पीने के पानी का भी इंतज़ाम करना पड़ रहा है। प्रभावित इलाकों में पेड़ गिरने के कारण सड़कें भी बंद हैं और बिजली भी नहीं है। बहुत से लोग अब भी अपने परिवार जनों को ढूंढ रहे हैं।

फिलिपीन्स एक द्वीप है – ये देश चारों ओर पानी से घिरा है। तूफान हयान की तेज़ हवाओं के कारण समुद्र की बड़ी बड़ी लहरों ने सभी तटीय गांवों को अपनी चपेट में ले लिया। ये हवाएं तीन सौ तेरह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं।