खबर लहरिया राजनीति दूसरे पत्रकार की हत्या

दूसरे पत्रकार की हत्या

Desh Videsh - Steven Sotloff (web)अमेरिका। इराक में लगातार हिंसा कर रहे आतंवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने एक दूसरे अमेरिकी पत्रकार स्टीव सेटलॉफ का सिर कलम करते हुए वीडियो जारी किया है। इससे पहले इस संगठन की तरफ से अमेरिकी पत्रकार जेम्स फाली की हत्या का भी वीडियो जारी हुआ था। यह दोनों घटनाएं एक महीने के भीतर की हैं।
अमेरिका इराक में लगातार इस आतंकवादी संगठन के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है। इस संगठन ने अमेरिका से पहले ही कहा था कि अगर वह अपना अभियान बंद नहीं करता तो नतीजे भयानक होंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अमेरिकी युद्ध अभियान से यह आतंकी संगठन कमज़ोर पड़ा है। इसलिए बेकसूर लोगों को मारकर वह हमें डराना चाहता है। लेकिन अपनी इन हरकतों के ज़रिए अगर आतंकवादियों को लगता है कि हम डर जाएंगे तो वह हमें नहीं जानते। अमेरिकी नागरिकों को क्षति पहुंचाने वालों को हम नहीं छोड़ेंगे। यह अभियान अब और तेज़ होगा। इस संगठन को हम खत्म करके ही दम लेंगे। इस्लामिक स्टेट संगठन लगातार इराक में हिंसा फैला रहा है। अभी तक हज़ारों की संख्या में इराक में रहने वाले लोग मारे जा चुके हैं। वहां रह रहे अल्पसंख्यक समूह यजीदियों की क्रूर ढंग से हत्याएं की जा रही हैं। उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करके इस आतंकवादी संगठन में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसा न करने पर उनकी हत्या कर दी जा रही है।