खबर लहरिया खेल एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराया

एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराया

भारतीय हॉकी टीम ने भारत को शानदार जीत का तोहफा दिया है। इस मैच में भारत ने 14 साल बाद एशिया कप में पाकिस्तान को शिकस्त दी है। मौलाना भाशानी नेशनल स्टेडियम में पूल-ए के मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-1 से हराया। यह इस टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत है। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया। पहले भाग में भारत और पाकिस्तान ने अपने मजबूत सुरक्षा के घेरे के दम पर खुद पर एक भी गोल नहीं होने दिया। दूसरे भाग की शुरुआत के दूसरे ही मिनट में चिंग्लेनसाना सिंह ने शानदार गोल दागते हुए भारतीय टीम का खाता खोला। इस बीच, पाकिस्तान ने अवसर का फायदा उठाते हुए गोल दागकर स्कोर बराबर करने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसी देश की इस कोशिश को भारतीय टीम के गोलकीपर सूरज कारकेरा ने नाकाम कर दिया।
तीसरे भाग की समाप्ति से दो मिनट पहले रमनदीप सिंह ने मैदान गोल कर भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 2- 0 की बढ़त दे दी। 33 सेकेंड पहले पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर टीम की बढ़त को और भी मजबूत कर दिया।
आखिरी भाग में लय में आई पाकिस्तान ने अवसर का फायदा उठाकर गोल किया और अपना खाता खोला। टीम के लिए यह फील्ड गोल अली शान ने किया। यह टीम की ओर से इस मैच में किया गया पहला और अंतिम गोल था। अपनी सुरक्षा को मजबूत रखते हुए भारतीय टीम ने पाकिस्तान को दूसरा गोल नहीं दागने दिया और अंत में 3-1 से जीत हासिल की।

फोटो साभार: ट्विटर/ हॉकी इंडिया