खबर लहरिया ताजा खबरें इज्जत के नाम पर हत्या या आत्महत्या?

इज्जत के नाम पर हत्या या आत्महत्या?

मुजफ्फरनगर। जिले के गांव भौराखुर्द में 4 मई को एक हिंदू लड़के और एक मुस्लिम लड़की का शव पेड़ से लटका मिला। लड़की का नाम इमराना और उम्र सत्रह साल है। लड़के का नाम रजनीश और उम्र इक्कीस साल है।
गांववालों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों एक दूसरे को प्यार करते थे। शादी करना चाहते थे। मगर घर के लोगों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। दोनों 3 मई की रात को ही घर से भाग गए थे। दूसरे दिन सुबह उनकी लाशें पेड़ से लटकी पाई गईं। सुबह गांव वालों ने जब यह देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। उसके अनुसार यह मामला इज्जत के खातिर हत्या का भी हो सकता है। हालांकि पुलिस यह भी कह रही है कि घर वालों के दबाव के कारण यह आत्महत्या का मामला भी हो सकता है। एस.एस.पी. के.बी. सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द से जल्द इस घटना की सच्चाई का पता लगाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना वाली जगह से सिंदूर और मंगलसूत्र भी मिला है। जिससे अंदाजा लगता है कि मौत से पहले इन लोगों ने शादी भी की थी।