खबर लहरिया चुनाव विशेष ‘आप’ ने तोड़ा भरोसा – पर जनता ने नहीं फेंके अंडे और स्याही

‘आप’ ने तोड़ा भरोसा – पर जनता ने नहीं फेंके अंडे और स्याही

03-04-14 Kshetriya - Banaras AAPबनारस। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर 25 अप्रैल को बनारस में रैली के लिए बेनियाबाग जाने के रास्ते में स्याही और अंडे फेके गए। मीडिया में आई खबरों के अनुसार इस तरह का विरोध बनारस की जनता ने किया। लेकिन जब बनारस की जनता से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि यह काम आम जनता का नहीं बल्कि विपक्षी पार्टियों का है।
बेनियाबाग के समसुदीन के अनुसार जैसे दूसरी पार्टियों के नेता यहां आकर भाषण दे रहे हैं, वैसे ही केजरीवाल भी आए। जनता उनसे नाराज़ पर यह काम आम आदमी का नहीं है। हालांकि उन्होंने जनता का भरोसा तोड़ा है। जो केवल दिल्ली नहीं चला पाया वह पूरे देश को कैसे चलाएगा? कई लोगों ने इस बात का समर्थन किया। हालांकि कुछ लोगों को अब भी उनसे उम्मीद है। बनारस के ही सनोज सिंह का कहना है कि वह युवा हैं, उनकी सोच नई है। ऐसे में इनसे कुछ बदलाव की उम्मीद की जा सकती है। वहीं अरविंद केजरीवाल का भाषण सुनने पहुंची सीमा, प्रमिला का कहना है कि कोई भी नेता जनता के बारे में नहीं सोचता। केजरीवाल ने तो जनता का विश्वास तोड़ दिया।