खबर लहरिया मनोरंजन आपने देश के लिए कुछ किया क्या?

आपने देश के लिए कुछ किया क्या?

airliftफिल्म – एयरलिफ्ट
कलाकार – अक्षय कुमार, निम्रत कौर, पूरब कोहली, इनामुल हक।निर्देशक- राजा कृष्ण मेनन।

जब किसी देश में किसी दूसरे देश की जनता फंस जाती है, वहां की सरकार अपनी जनता को सुरक्षित निकालने की पूरी कोशिश करती है। ऐसा ही कुछ हुआ था 1990 के इराक हमले में। जहां पर करीब एक लाख सत्तर हज़ार भारतीय फंसे हुए थे। भारत की सरकार ने उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला और अभी तक का ये एक रिकाॅर्ड है – किसी देश की सरकार ने इतनी बड़ी संख्या में अपने नागरिकों को दूसरे देश से सुरक्षित नहीं निकाला। ऐसी ही कुछ कहानी है एयरलिफ्ट की।
कुवैत में भारत के बहुत सारे लोग रह रहे हैं। वहीं भारत के एक बिज़नेसमैन रंजीत कटियार यानी अक्षय कुमार भी रहते हैं। रंजीत एक ऐसे आदमी हैं जो भारत में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं रखते। वो अपने काम में आगे बढ़ रहे हैं। और अपने बीवी-बच्चों के साथ एक अच्छी ज़िन्दगी बिता रहे हैं। अचानक से इराक और कुवैत के बीच में जंग हो जाती है इस जंग में भारत के करीब एक लाख सत्तर हज़ार नागरिक फंस जाते हैं। रंजीत अपनी बीवी और बच्चों की जान बचाने की जगह लोगों की जान बचाने में लग जाते हैं। इसी बीच वे भारत सरकार से भी मदद मांगते हैं जहां के मंत्री अपने में मस्त हैं। अब क्या रंजीत उन सबको बचा पाएंगे या नहीं? इसके लिए तो फिल्म देखनी होगी।
अगर बात करें फिल्म के कलाकारों की तो अक्षय कुमार अपनी एक्टिंग में लगातार और पकते जा रहे हैं। फिल्म में एक दृश्य में जब भारत का झण्डा आसमान में लहराता है वहां अक्षय कुमार को देखकर आप भावुक हो जाएंगे। निम्रत ने भी अच्छा काम किया है। अगर आप देशभक्त हंै, अक्षय कुमार के फैन हैं, असल कहानी की फिल्में देखना चाहते हैं, तो मिस मत करिए।